Delhi Bus Shortage: दिल्ली में बसों की संख्या लगातार घट रही है, जिससे आम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने अन्य राज्यों के लिए बस सेवाएं शुरू करने की योजना बनाई है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) लगभग 100 बसें हरिद्वार, ऋषिकेश और वृंदावन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए चलाने की तैयारी कर रहा है। इस योजना को जल्द लागू करने के निर्देश भी परिवहन मंत्रालय की ओर से दिए गए हैं।
दिल्ली में बसों की संख्या में गिरावट (सांकेतिक फोटो: iStock)
हालांकि परिवहन विशेषज्ञ इस कदम से असहमत हैं। उनका कहना है कि जब दिल्ली में पहले से ही बसों की भारी कमी है, तो प्राथमिकता स्थानीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की होनी चाहिए। हाल ही में 16 जुलाई से डिम्ट्स की 533 बसों को सड़कों से हटा दिया गया है, और माह के अंत तक 452 डीटीसी बसें भी सेवा से बाहर हो जाएंगी। इससे दिल्ली की बसों की कुल संख्या लगभग 1000 घट जाएगी। यदि दिसंबर तक नई बसें नहीं आईं, तो यह संख्या घटकर 4600 तक पहुंच सकती है।
परिवहन विशेषज्ञ एस.के. सिंह ने सुझाव दिया है कि सरकार को एग्रीगेटर स्कीम को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे निजी कंपनियां मोबाइल एप के माध्यम से बस सेवाएं संचालित कर सकें। दिल्ली सरकार ने इस दिशा में एक नई योजना भी अधिसूचित की है। सिंह का मानना है कि अन्य राज्यों के लिए बसें भेजने से दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और कमजोर होगी, इसलिए इस पर पुनर्विचार की आवश्यकता है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
