Delhi News: दिल्ली-एनसीआर में साइबर ठगी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ठग डिजिटल माध्यमों से लोगों के साथ ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट में परिवार को लेकर डराने और विभिन्न मामलों में फंसाने की धमकी देकर लोगों के बैंक अकाउंट के पैसे ट्रांसफर करवाया जाता है। इस बीच दिल्ली-एनसीआर में साइबर ठगों का एक नया गिरोह सक्रिय हुआ है, जो मुख्य तौर पर बुजुर्गों को डिजिटल अरेस्ट का निशाना बना रहा है। हैरान कर देने वाली बात ये है कि ठगों ने होटलों को अपना ठिकाना बना रखा है। पुलिस इन होटलों का पता लगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक कोई खास जानकारी नहीं जुटा पाई है। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
साइबर ठगों ने होटलों को बनाया अपना अड्डा
दिल्ली-एनसीआर में साइबर ठगों का गिरोह सक्रिय
दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हुआ ठगों के नए गिरोह ने हाल ही में 71 वर्षीय महेंद्र जैन नाम के एक बुजुर्ग को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने बताया कि महेंद्र जैन से करोल बाग के होटल ग्रैंड सेंट्रल में 25 लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए, ठगी की वारदात को अंजाम देने वाले 3 युवकों को गिरफ्तार किया, जिनकी पहचान राहुल वर्मा, शांतनु रिचोरिया और अर्जुन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस न बताया कि ये सभी छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के निवासी हैं।
दिल्ली के साथ नोएडा और गुरुग्राम में ठगी को देते थे अंजाम
पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि यह तीनों आरोपी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के साथ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद, गुरुग्राम और एनसीआर में शामिल अन्य क्षेत्रों साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे और लोगों के लाखों रुपये ठगा करते थे। इनका 12 से अधिक लोगों का गिरोह है, जो अभी भी सक्रिय हैं और किसी अन्य व्यक्ति के साथ साइबर ठगी करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। पुलिस इन तीनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य सदस्यों के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए सर्विलांस का उपयोग कर रही है। अधिकारी ने बताया गिरफ्तार एक आरोपी ने होटल के कर्मचारी से होटल में एक सप्ताह रहने की बात की थी। पुलिस अब उन होटलों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं, जहां अन्य ठग ठहरे हुए हैं और ठगी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही ठगी के लिए उपयोग होने वाले बैंक खातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
