दिल्ली के शाहबाद डेयरी इलाके से लापता हुई 17 साल की नाबालिग लड़की को पुलिस ने नेपाल बॉर्डर से सकुशल बरामद कर लिया। चार महीने से ज़्यादा चले इस ऑपरेशन में पुलिस ने बिहार, तमिलनाडु और नेपाल तक दबिश दी। लेकिन मास्टरमाइंड आरोपी दिलीप अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
13 मई को लड़की के गायब होने की शिकायत दर्ज हुई थी। जांच में सामने आया कि दिलीप उसे पहले तमिलनाडु के तिरुपुर ले गया। पुलिस ने वहां छापा मारा, लेकिन आरोपी हर बार लोकेशन बदलकर बच निकलता रहा। वह बिहार के सीतामढ़ी होते हुए नेपाल भाग गया और रिश्तेदारों की मदद से वहां छिपा।
जांच AHTU (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) को सौंपी गई। इंस्पेक्टर राजीव रंजन की अगुवाई में टीम ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया तक खंगाले। दिलीप के भाई सजन को तिरुपुर की फैक्ट्री से पकड़ा गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि दिलीप लड़की से शादी का नाटक कर नेपाल में अपने रिश्तेदार के घर छिपा है।
इसके बाद पुलिस ने चेन्नई और बिहार में लगातार दबिश दी। दबाव बढ़ने पर नेपाल में दिलीप के रिश्तेदार को लड़की को छोड़ना पड़ा। 21 सितंबर को पीड़िता बिहार के सुरसंड थाने पहुँची, जहां से पुलिस ने उसे सुरक्षित अपनी हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस की इस क्रॉस-बॉर्डर कार्रवाई में करीब 6000 किमी की यात्रा और कई राज्यों में छापेमारी शामिल रही। हालांकि, मुख्य आरोपी दिलीप फरार है और उसकी तलाश अब भी जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
