Delhi CM Rekha Gupta Attack: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार, 20 अगस्त की सुबह एक शख्स ने उस वक्त हमला कर दिया जब वे जनसुनवाई कर रही थीं। आरोपी की पहचान राजेश खिमजीभाई सकारिया के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने हत्या की कोशिश के तहत मामला दर्ज किया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (फाइल फोटो: PTI)
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आरोपी के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध नंबर मिले हैं, जिनसे वह कल से आज तक लगातार संपर्क में था। ये सभी नंबर गुजरात के हैं। पुलिस ने आरोपी का फोन जब्त कर लिया है और उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि हमले के पीछे की मंशा और संभावित साजिश का खुलासा हो सके।
सीएम रेखा गुप्ता ने साझा किया भावुक संदेश
इसी दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने ट्विटर (X) हैंडल पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि आज सुबह जनसुनवाई के दौरान उन पर हुआ हमला सिर्फ एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि दिल्ली की सेवा और जनता की भलाई के लिए उनके संकल्प पर किया गया एक कायरतापूर्ण प्रयास है।
उन्होंने बताया कि स्वाभाविक रूप से इस घटना के बाद वे कुछ समय के लिए सदमे में थीं, लेकिन अब पहले से बेहतर महसूस कर रही हैं। उन्होंने अपने सभी शुभचिंतकों से अपील की कि वे उनसे मिलने के लिए परेशान न हों, क्योंकि वे बहुत जल्द फिर से सक्रिय रूप से काम पर लौटेंगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के हमले उनके हौसले को तोड़ नहीं सकते और न ही जनता की सेवा के प्रति उनके समर्पण को कम कर सकते हैं। बल्कि अब वह पहले से कहीं अधिक ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ जनता के बीच रहेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनसुनवाई और जनता की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले की तरह ही गंभीरता से जारी रहेगी। अंत में उन्होंने जनता के विश्वास, समर्थन और अपार स्नेह के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
