दिल्ली : बटला हाउस क्षेत्र में मुरादी रोड पर अवैध निर्माणों के खिलाफ दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की कार्रवाई के डर से स्थानीय निवासी अपने मकान खाली करने लगे हैं। पिछले दो दिनों में, खसरा नंबर-279 पर बने मकानों और दुकानों से लोग अपना सामान निकाल रहे हैं। डीडीए ने हाल ही में इस क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ नोटिस जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि ओखला गांव का खसरा नंबर-279, जो लगभग तीन बीघा भूमि पर फैला है, डीडीए का है और इसके एक हिस्से पर अतिक्रमण है। निवासियों को 10 जून तक अपने घर खाली करने का अल्टीमेटम दिया गया था। मंगलवार को डीडीए की समय सीमा समाप्त हो गई, जिसके बाद बुधवार को मुरादी रोड पर हलचल बढ़ गई।
(सांकेतिक फोटो)
दैनिक जागरण के हवाले से स्थानीय निवासी आबिद ने बताया कि कार्रवाई के डर से लगभग 60 से 65 प्रतिशत मकान खाली हो चुके हैं और किराएदार दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। हालांकि, स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि हाईकोर्ट में दायर याचिका के कारण उन्हें राहत मिल सकती है, लेकिन याचिका वापस लिए जाने के बाद अब डीडीए की कार्रवाई का रास्ता साफ हो गया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
