Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में सोमवार को सुबह से ठंडी-ठंडी हवाएं चलीं। जिसकी वजह से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि सोमवार को राजधानी में बारिश दर्ज नहीं की गई। इसके बावजूद हवाओं की वजह से यहां पर लोगों को उमस से थोड़ी राहत मिली रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में इस पूरे हफ्ते बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगामी 5 दिनों के लिए मौसम की भविष्यवाणी की है। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा।
आज कई राज्यों में होगी बारिश
आज तेज हवाओं संग बारिश के आसार
दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। साथ ही 20 से 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं भी चल सकती है। IMD ने दिल्ली में आज से 8 अगस्त तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तामपान 27 डिग्री तक रह सकता है।
ये भी पढ़ें - आज का मौसम, 6 August 2024 LIVE: दिल्ली में आज बारिश के आसार, हिमाचल प्रदेश में 8 अगस्त तक भारी बारिश का येलो अलर्ट
अगले 5 दिन दिल्ली का मौसम
दिल्ली में बुधवार 7 अगस्त को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। 8 अगस्त को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। जिसके बाद 9 अगस्त को हल्की बारिश हो सकती है। 10 और 11 अगस्त को दिल्ली में बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रह सकता है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तराखंड में फिर से भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिन यहां भारी बारिश का अलर्ट है। मंगलवार को उत्तराखंड के दो जिलों देहरादून और बागेश्वर में भारी बारिश होने की संभावना है। आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकतर जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। जिसके तहत उत्तरकाशी, नैनीताल, पौड़ी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चमोली और टिहरी में तेज बारिश हो सकती है।
पश्चिम बंगाल में भी झमाझम बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिन तक दक्षिण बंगाल के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। 9 अगस्त तक उप-हिमालयी जिलों कलिंपोंग, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, 7 अगस्त से बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को जलपाईगुड़ी में सुबह साढ़े आठ बजे तक, 24 घंटों में प्रदेश में सबसे अधिक 61 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा साल्ट लेक में 41 मिमी, बर्धमान में 39 मिमी और दार्जिलिंग में 14 मिमी बारिश दर्ज की गई।
हिमाचल में 8 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। प्रदेश में करीब एक सप्ताह से भारी बारिश हो रही है। जिससे लोगों का जीवन भी अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश में 8 अगस्त तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने गुरुवार तक हिमाचल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
