Delhi NCR Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: दिल्ली में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखा रही है। राजधानी में अब तक सिर्फ दिन के समय लू के थपेड़े पड़ रहे थे। लेकिन अब रातें भी लू के साए में आ गई। शनिवार को इस सीजन में ऐसा पहली बार हुआ जब दिल्ली 25 घंटे लू की चपेट रही। अगले तीन से चार दिन तक 24 घंटे लू चलने का सिलसिला देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 18 जून तक दिल्ली में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजधानी में फिलहाल इस चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।
दिल्ली के मौसम का हाल
आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार आज कई जगहों पर लू चलेगी और कुछ इलाकों में गंभीर लू की स्थिति रहेगी। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म और शुष्क हवाएं भी चलेंगी। इस कारण लोगों को और ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री तक रह सकता है।
ये भी पढ़ें - Monsoon Update: यूपी-बिहार सहित इन राज्यों के लिए खुशखबरी, इस दिन से होगी झमाझम बारिश; जानिए आपके राज्य में कब पहुंचेगा मानसून
20 जून को बूंदाबांदी के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में 17 और 18 जून को आसमान साफ रहेगा और कई जगहों पर लू कि स्थिति रहेगी। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गर्म और शुष्क हवाएं चलने की भी संभावना है। इस दौरान अधिकमत तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 33-34 डिग्री के आसपास रह सकता है। 19 जून का दिन भी गर्मी से ही शुरू होगा। इस दिन भी लू की स्थिति कुछ जगहों पर देखने को मिलेगी। साथ ही 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। डिसके बाद 20 जून को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी और आंधी की भी आशंका है। इस दिन 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। 21 जून को भी आंशिक बादल छाए रहेंगे और तेज हवाएं चलेंगी। इस दिन लू से आंशिक राहत मिलेगी।
पीतमपुरा रहा सबसे गर्म इलाका
दिल्ली में बीते एक सप्ताह से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। शनिवार को यहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री दर्ज हुआ। बीते दिन दिल्ली का सबसे गर्म इलाका पीतमपुरा रहा। यहां का अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 34.1 डिग्री रहा। इसके अलावा आया नगर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री, रिज का 45.5 डिग्री, पालम का 45 डिग्री, जाफरपुर का 46.1 डिग्री, नजफगढ़ का 45.4 डिग्री और पूसा क 46.4 डिग्री दर्ज हुआ।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
