Republic Day 2024 Traffic Advisory in Hindi: शुक्रवार को भारत का 75वां गणतंत्र दिवस है। जिसके चलते दिल्ली के चार रेलवे स्टेशनों के पार्किंग स्थलों पर गाड़ियों की पार्किंग पर रोक रहेगी। इन चार स्टेशनों की पार्किंग व्यवस्था पर दिल्ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इन चार स्टेशनों में नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन रेलवे स्टेशनों की पार्किंग एरिया में गुरुवार रात 10 बजे से ही यह प्रतिबंध लागू हो जाएगा, जो शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक जारी रहेगा।
इन वाहनों पर कोई रोक नहीं
गणतंत्र दिवस समारोह के चलते नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, निजामुद्दीन और आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात दस बजे से शुक्रवार 12 बजे तक गाड़ी पार्किंग की अनुमति नहीं है। इस दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर पिक-अप और ड्राप वाहनों पर पाबंदी नहीं है, वे स्टेशन के बाहर उपलब्ध रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने इस दौरान लोगों से सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करने की भी सलाह दी है।
गणतंत्र दिवस परेड
शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के मौके पर कर्तव्य पथ पर परेड का आयोजन होगा, जो सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर विजय चौक से शुरू होगी और कर्तव्य पथ तक जाएगी। गणंतत्र दिवस परेड में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। इस परेड में एक फ्रांसीसी दल भी मार्च करने वाला है। साथ ही ईंधन भरने वाला एक फ्रांसीसी विमान और दो फ्रांसीसी राफेल जेट में इस परेड में हिस्सा लेंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Delhi News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
