Delhi News: उत्तर-पूर्वी दिल्ली का न्यू उस्मानपुर इलाका सोमवार शाम को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। करतार नगर, रोड नंबर-4, चौथा पुस्ता इलाके में तीन बदमाशों ने एक कैटरर के घर के सामने सरेआम फायरिंग कर दी। इस खूनी खेल के बीच वहां से गुजर रहा एक मासूम बच्चा गोली का शिकार हो गया। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
फायरिंग के बाद घटनास्थल की जांच करती पुलिस
आमने-सामने की जंग में चलीं 7 राउंड गोलियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को न्यू उस्मानपुर के चौथा पुस्ता इलाके में स्थित धर्मेंद्र (43 वर्ष) नामक एक कैटरर के घर के सामने तीन हथियारबंद बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, दो पक्षों के बीच आमने-सामने से हुई इस आपसी रंजिश की फायरिंग में करीब 5 से 7 राउंड गोलियां चलीं। इसी दौरान, ट्यूशन पढ़कर अपने घर वापस लौट रहा एक मासूम बच्चा इस फायरिंग की चपेट में आ गया। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियों में से एक गोली सीधे बच्चे के पैर में जा धंसी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज और बच्चे की चीखें सुनकर इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर; फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाकर तुरंत घायल बच्चे को नजदीकी जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए GTB अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की भयावहता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जमीन पर गिरे गोलियों के खोखे सहित कई अहम सबूत एकत्र किए हैं। पुलिस इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश कर रही है।
साकेत में 6 मौतों का जिम्मेदार बिल्डिंग मालिक गिरफ्तार, कोचिंग और कैफे के ऊपर चल रहा था अवैध काम
मुठभेड़ के बाद 2 शूटर गिरफ्तार, रायफल बरामद
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों को दबोचने के लिए दिल्ली पुलिस ने तुरंत एक्शन मोड में काम किया। पुलिस ने तत्काल जिले के सभी संवेदनशील रास्तों और पिकेट्स (नाकों) पर अलर्ट जारी कर नाकाबंदी कर दी। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों को बड़ी सफलता हाथ लगी और इस अपराध में शामिल दो मुख्य आरोपियों को धर-दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रांकुर (29 वर्ष) और हर्ष (22 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक अवैध देसी रायफल भी बरामद की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि तीसरे फरार आरोपी की तलाश में टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और उसे भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
