शहर

Jhansi News: शराबियों से परेशान महिलाओं का फूटा गुस्सा, देशी शराब की दुकान में की तोड़फोड़; टेट्रा पैक फूंके

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के तेजपुरा गांव में देशी शराब की दुकान से परेशान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। मंदिर और स्कूल के रास्ते के पास संचालित हो रही शराब की दुकान पर ग्रामीण महिलाओं ने लाठी-डंडों और हथौड़ों के साथ धावा बोल दिया। महिलाओं ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखे शराब के पाउच बाहर निकाले और उन्हें आग के हवाले कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Image

Jhansi News: शराबियों से परेशान महिलाओं ने शराब की दुकान पर बोला धावा।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

त्तर प्रदेश के झांसी जिले से महिलाओं के आक्रोश की एक बेहद चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां शराबियों की हरकतों से तंग आकर ग्रामीण महिलाओं का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने लाठी-डंडों और हथौड़ों के साथ देशी शराब की दुकान पर धावा बोल दिया। महिलाओं ने न सिर्फ दुकान का ताला तोड़ा, बल्कि अंदर रखी देशी शराब के टेट्रा पैक (पाउच) को बाहर निकालकर उनमें आग लगा दी। इस पूरी घटना और तोड़फोड़ का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है।

मंदिर और स्कूल के रास्ते पर खुली थी दुकान

यह पूरा मामला झांसी के टहरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तेजपुरा गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार, जहां इस देशी शराब की दुकान को खोला गया था, ठीक उसी के पास एक पवित्र मंदिर स्थित है। इसके अलावा, गांव के बच्चों के स्कूल जाने का मुख्य रास्ता भी इसी दुकान के सामने से होकर गुजरता है। दुकान खुलने के बाद से ही यहां दिन-भर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे मंदिर जाने वाली महिलाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों और अभद्रता का सामना करना पड़ रहा था।

सुनवाई न होने पर महिलाओं ने खुद उठाया कदम

गांव वालों का कहना है कि जब इस दुकान को यहां खोला जा रहा था, तब भी स्थानीय ग्रामीणों ने इसका कड़ा विरोध किया था। इसके बावजूद प्रशासन या आबकारी विभाग की तरफ से कोई सुनवाई नहीं हुई और दुकान का संचालन जारी रहा। लगातार हो रही परेशानी से परेशान होकर आखिरकार गांव की महिलाओं ने कानून अपने हाथ में लेने का फैसला किया। महिलाएं हाथों में लाठी, डंडे और हथौड़े लेकर दुकान पर पहुंच गईं। उन्होंने दुकान का ताला तोड़ा, जमकर तोड़फोड़ की और शराब के पाउचों को सड़क पर लाकर फूंक दिया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। दुकान मालिक ने इस तोड़फोड़ और नुकसान को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद टहरौली थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुकान मालिक की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article