Narela Delhi News Today: राजधानी दिल्ली के नरेला इलाके में बेखौफ बदमाशों का तांडव देखने को मिला है। बांकनेर गांव स्थित एक जिम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर और बैंक्वेट हॉल संचालक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान हरियाणा के राई विधानसभा क्षेत्र के नाहरी गांव निवासी 42 वर्षीय प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रमोद को पिछले कई दिनों से कुख्यात बदमाशों द्वारा रंगदारी के लिए धमकियां मिल रही थीं। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों और दोस्तों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया है।
जिम के बाहर प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
बुलेटप्रूफ गाड़ी से उतरे ही थे कि नकाबपोशों ने बोला धावा
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों और रंगदारी की कॉल्स के चलते प्रमोद बेहद सतर्क रहते थे। वह अपने बचाव के लिए अपने एक दोस्त की बुलेटप्रूफ गाड़ी में ही कहीं आते-जाते थे। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 6:00 से 7:00 बजे के बीच जब प्रमोद वर्कआउट करने के लिए बांकनेर स्थित जिम पहुंचे, तो वहां तीन नकाबपोश बदमाश पहले से ही घात लगाकर उनका इंतजार कर रहे थे। जैसे ही प्रमोद अपनी बुलेटप्रूफ गाड़ी से बाहर निकले, तीनों हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। सिर और छाती में कई गोलियां लगने के कारण प्रमोद खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से रफूचक्कर हो गए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली में 18वें ब्रिक्स सम्मेलन को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 35 से ज्यादा रास्तों पर डायवर्जन; मेट्रो से सफर करने की सलाह
मुकुल प्रॉपर्टीज और बैंक्वेट हॉल के मालिक थे प्रमोद
पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि मृतक प्रमोद कुमार नरेला में 'मुकुल प्रॉपर्टी' नाम से अपना कार्यालय चलाते थे और गांव में उनका एक बैंक्वेट हॉल भी है। वे रोजाना की तरह अपने गांव से नरेला स्थित जिम में कसरत करने आए थे। स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि इलाके में सक्रिय कई आपराधिक गैंग पिछले कुछ समय से उनसे मोटी रकम की रंगदारी मांग रहे थे और मना करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दे रहे थे।
पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नरेला थाना पुलिस, उच्च अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास की दुकानों और जिम के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के आने और भागने के रूट तथा उनके वाहन की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामला शुरुआती दौर में रंगदारी और गैंगवार से जुड़ा नजर आ रहा है, सभी संभावित पहलुओं पर तफ्तीश जारी है।
