Delhi News: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के कालिंदी कुंज से DND और मीठापुर-महारानी बाग लिंक स्ट्रेच के हाल ही में शुरू होने से राजधानी के ट्रैफिक पैटर्न में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक्सप्रेसवे के इस नए लिंक से जहां सालों से भीषण जाम झेल रहे कालिंदी कुंज रास्ते के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, वहीं अब सारा ट्रैफिक डायवर्ट होकर महारानी बाग, डीएनडी और रिंग रोड के मिलन बिंदु पर जमा हो रहा है। इसके चलते महारानी बाग अब दिल्ली-NCR में जाम का नया ठिकाना बनता दिख रहा है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का लिंक खुलते ही बदला ट्रैफिक (सांकेतिक चित्र)
कालिंदी कुंज में 1 घंटे का सफर हुआ मिनटों में
करीब दो सप्ताह पहले तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चढ़ने के लिए गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली के अक्षरधाम की ओर से आने वाले वाहनों को कालिंदी कुंज लालबत्ती पार कर करीब 3-4 किलोमीटर तक आगरा कैनाल के सहारे चलना पड़ता था। इसके कारण सुबह और शाम व्यस्त समय में कालिंदी कुंज पर 3 से 4 किलोमीटर लंबा जाम लग जाता था और महज ढाई किलोमीटर के हिस्से को पार करने में लोगों के 45 मिनट से 1 घंटा तक बर्बाद हो जाते थे। अब एक्सप्रेसवे पर चढ़ने का रास्ता सीधे DND से शुरू कर दिए जाने से स्थिति में बड़ा सुधार आया है। व्यस्त समय में भी अब कालिंदी कुंज पर वाहनों की कतार 1 किलोमीटर से भी कम रह गई है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।
महारानी बाग बना नया बॉटलनेक, DND पर बढ़ीं मुश्किलें
कालिंदी कुंज बाईपास होकर आ रहा भारी ट्रैफिक अब सीधे महारानी बाग पर उतर रहा है। फरीदाबाद, पलवल, सोहना और गुरुग्राम की ओर से आने वाला भारी ट्रैफिक इस 6-लेन के एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे के जरिए तेजी से दिल्ली सीमा में प्रवेश करता है। जैसे ही यह एक्सप्रेसवे खत्म होता है, सारा ट्रैफिक डीएनडी फ्लाईवे और रिंग रोड के जॉइंट यानी महारानी बाग पर एक साथ आकर मर्ज हो रहा है, जिससे वहां अचानक गाड़ियों की कतारें लग रही हैं।
अब तक डीएनडी से 24 घंटे में करीब 3 लाख वाहन गुजरते थे। लेकिन नया लिंक चालू होने के बाद अनुमान है कि यहां 50 हजार से 1 लाख तक अतिरिक्त वाहनों की आवाजाही बढ़ जाएगी। नए मार्गों पर स्पष्ट और पर्याप्त साइन बोर्ड न लगे होने के कारण वाहन चालकों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है, जिससे गाड़ियां धीमी हो रही हैं और जाम बढ़ रहा है। पहले नोएडा से दिल्ली आते वक्त केवल MCD टोल के पास जाम मिलता था, लेकिन अब टोल से लेकर मुंबई एक्सप्रेसवे के कट तक गाड़ियां रेंगती नजर आ रही हैं।
सराय काले खां लेन खुली, NHAI और पुलिस कर रही उपाय
सराय काले खां की ओर जाने वाली लेन भी खोल दी गई है, जिससे नोएडा और कालिंदी कुंज होकर जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिली है। DCP (यातायात) अभय मिश्रा के अनुसार, कालिंदी कुंज मार्ग पर ट्रैफिक में काफी सुधार आया है। नोएडा से DND की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) वर्तमान में इस स्ट्रेच पर स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और ट्रैफिक-कामिंग (यातायात नियंत्रण) उपायों का परीक्षण कर रहा है। शुरुआती चरण में ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय प्रशासन के बीच पूर्ण तालमेल न बैठ पाने और सुरक्षा कारणों से की जा रही चेकिंग के चलते भी रफ्तार थोड़ी धीमी हो रही है। प्रशासन का दावा है कि आने वाले दिनों में साइन बोर्ड लगाने और सिग्नल टाइमिंग को एडजस्ट करने के बाद स्थिति सामान्य हो जाएगी।
