शहर

गाजियाबाद में हिंडन बैराज ब्रिज बंद, एक महीने तक बढ़ेगी परेशानी; जानें वैकल्पिक रूट

Ghaziabad News: गाजियाबाद में हिंडन बैराज ब्रिज को मरम्मत कार्य के चलते 1 से 30 सितंबर तक बंद किया गया है। मार्ग बंद होने से सिद्धार्थ विहार, कनावनी और इंदिरापुरम आने-जाने वालों को परेशानी होगी।

Image

हिंडन बैराज ब्रिज एक महीने के लिए बंद (File Photo)

Photo : PTI

Ghaziabad Hindon Barrage: सिद्धार्थ विहार को इंदिरापुरम और ट्रांस-हिंडन के इलाकों से जोड़ने वाले हिंडन बैराज ब्रिज एक महीने के लिए बंद कर दिया गया है। 1 सितंबर से 30 सितंबर तक इस रास्ते पर किसी भी तरह का आवागमन नहीं हो सकेगा। सिंचाई विभाग ने बैराज की जर्जर लोहे की जाली और अन्य सुरक्षा संबंधी खामियों को देखते हुए मरम्मत कार्य शुरू किया है। इस रास्ते के बंद होने से सिद्धार्थ विहार, कनावनी, इंदिरापुरम, प्रताप विहार और विजयनगर के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। उन्हें वैकल्पिक रूट लेकर लंबे रास्ते से सफर करना होगा।

दरअसल, हिंडन बैराज पर लगी लोहे की जाली कई जगह पूरी तरह से सड़ और गल चुकी है। विभाग की ओर से दोनों तरफ की जाली को बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी वजह से इस रास्ते को पूरी तरह बंद किया गया है। विभाग के अनुसार, मरम्मत कार्य पूरा करने के लिए 30 सितंबर तक का समय लिया गया है।

रोजाना आने-जाने वालों को होगी परेशानी

हिंडन बैराज का यह मार्ग भले ही मूल रूप से नहर के निरीक्षण के लिए बनाया गया था, लेकिन लंबे समय से स्थानीय लोग इसका इस्तेमाल आवाजाही के लिए कर रहे हैं। लाइनपार क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से कनावनी और इंदिरापुरम तक पहुंचते हैं। वहीं इंदिरापुरम और कनावनी से लोग सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार और विजयनगर की ओर भी इसी रास्ते से होकर जाते हैं। मार्ग बंद होने के बाद खासतौर परबाइक और दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। लोगों को वैकल्पिक रास्तों से जाना होगा, जिससे उनके सफर में करीब 5 से 10 किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लग सकता है।

इन रास्तों का करना होगा इस्तेमाल

हिंडन बैराज निरीक्षण मार्ग बंद रहने के दौरान लोगों को हिंडन कैनाल रोड, जीटी रोड, एनएच-9 और न्यू लिंक रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों से होकर जाना होगा। हालांकि इन रास्तों पर पहले से ही वाहनों का काफी दबाव रहता है और कई जगह जाम की समस्या भी बनी रहती है। ऐसे में अगले एक महीने तक ट्रांस-हिंडन की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलना पड़ सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article