दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरे का प्रकोप; कम विजिबिलिटी के चलते अब तक 228 उड़ानें रद्द, 5 की गईं डायवर्ट

सोमवार को दिल्ली में घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया, जिससे उड़ानों का संचालन अस्त-व्यस्त हो गया। कम दृश्यता के कारण कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं और कुछ विमानों को अन्य हवाई अड्डों की ओर मोड़ा गया। हालात को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को लगातार अपडेट रहने की सलाह दी है।

Delhi Airport Flight Cancellations: सोमवार को घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। कम विजिबिलिटी की वजह से विभिन्न एयरलाइनों ने कुल 228 उड़ानें रद्द कर दीं, जबकि पांच उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों की ओर मोड़ना पड़ा, एक अधिकारी ने बताया। हालांकि, एयर इंडिया को छोड़कर किसी अन्य एयरलाइन ने रद्द या विलंबित उड़ानों का विस्तृत आंकड़ा साझा नहीं किया। एयर इंडिया ने सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लगभग 40 उड़ानों के रद्द होने की जानकारी दी थी। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, अब तक कम दृश्यता के चलते कुल 228 उड़ानें, 131 प्रस्थान और 97 आगमन रद्द की जा चुकी हैं।

Dense Fog Disrupts Flight Operations at Delhi Airport (Symbolic Photo: Canva)

घने कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन में रुकावट (सांकेतिक फोटो: Canva)

दिल्ली एयरपोर्ट की लेटेस्ट एडवाइजरी

इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने सोमवार रात 10:12 बजे जारी ताजी एडवाइजरी में बताया कि उड़ान संचालन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है, हालांकि कुछ प्रस्थान और आगमन अभी भी प्रभावित रह सकते हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ान की नवीनतम जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। यात्रियों की सहायता के लिए सभी टर्मिनलों पर ग्राउंड स्टाफ मौजूद है। यात्रियों के धैर्य और सहयोग के लिए धन्यवाद।

End of Feed