Delhi News: दिल्ली के वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस अकादमी (DPA) में चल रही फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) प्रक्रिया के दौरान सोमवार को एक बेहद दुखद हादसा सामने आया। दिल्ली पुलिस में भर्ती होने का सपना लेकर पहुंचे 23 वर्षीय अभ्यर्थी सौरव कुमार की दौड़ के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी और वे बेहोश होकर गिर गए। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सौरव कुमार (23 वर्ष), पुत्र लच्छी सिंह, निवासी अनूपशहर, बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
वजीराबाद DPA में 23 साल के अभ्यर्थी की मौत (सांकेतिक चित्र)
दौड़ के 3 राउंड कर लिए थे पूरे, चौथे राउंड से पहले बिगड़ी तबीयत
प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, सौरव कुमार सोमवार सुबह वजीराबाद ग्राउंड में दिल्ली पुलिस भर्ती के लिए फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे थे। सौरव ने तय दौड़ के शुरुआती 3 राउंड सफलता पूर्वक पूरे कर लिए थे। तीसरे राउंड के तुरंत बाद सौरव को गंभीर शारीरिक परेशानी और घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद वह ट्रैक के किनारे जाकर बैठ गए। ग्राउंड स्टाफ कुछ समझ पाता, उससे पहले ही सौरव अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के तुरंत बाद ग्राउंड में मौजूद मेडिकल स्टाफ, डॉक्टरों और पैरामेडिक्स ने मौके पर ही उन्हें सीपीसीआर (CPCR) दिया और तत्काल प्राथमिक चिकित्सा प्रदान की।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना की गंभीरता को देखते हुए पीसीआर (PCR) वैन के जरिए सौरव को तुरंत नजदीकी जग प्रवेश चंद्र (JPC) अस्पताल ले जाया गया। सोमवार सुबह करीब 11:11 बजे सोनिया विहार पुलिस स्टेशन को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली कि वजीराबाद DPA से लाया गया एक अभ्यर्थी आपातकालीन विभाग में लाया गया है, जिसे डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक प्रवक्ता ने ANI को बताया कि "23 वर्षीय सौरव कुमार DPA वजीराबाद में जारी PEMT टेस्ट में शामिल हुए थे। दौड़ के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। उन्हें तुरंत प्राथमिक चिकित्सा दी गई और पीसीआर स्टाफ द्वारा जेपीसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए GTB अस्पताल भेज दिया गया है।"
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है, मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सोनिया विहार थाना पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। स्थानीय पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
