Delhi News: दिल्ली में बढ़ती प्याज की कीमतों और उपलब्धता को लेकर बन रहे दबाव के बीच दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार दिल्ली को 1000 मीट्रिक टन प्याज उपलब्ध कराएगी। इस प्याज को आम लोगों के लिए 35 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साफ कहा है कि सरकार दिल्ली में प्याज का संकट पैदा नहीं होने देगी और लोगों को सस्ती दर पर प्याज उपलब्ध कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।
35 रुपये किलो मिलेगा प्याज
दिल्ली सरकार के मुताबिक केंद्र से मिलने वाला 1000 मीट्रिक टन प्याज उचित दर दुकानों के जरिए 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का मकसद है कि प्याज जैसी रोजमर्रा की जरूरी खाद्य वस्तु महंगी होकर आम आदमी की पहुंच से बाहर न हो।
13 जिलों में वैन से भी बिकेगा सस्ता प्याज
सिर्फ उचित दर की दुकानों तक ही बिक्री सीमित नहीं रहेगी। दिल्ली के सभी 13 जिलों में एक-एक वैन के जरिए भी प्याज बेचा जाएगा। ये मोबाइल वैन अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर लोगों को 35 रुपये किलो की दर से प्याज उपलब्ध कराएंगी। इस व्यवस्था से उन इलाकों के लोगों को भी फायदा मिलेगा, जहां उचित दर की दुकानों तक पहुंचना मुश्किल है। यानी सरकार की कोशिश है कि दिल्ली के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक सस्ता प्याज सीधे पहुंचाया जा सके।
सरकार की कीमतों पर नजर
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार प्याज की कीमत और उपलब्धता पर लगातार नजर रख रही है। सरकार का प्रयास है कि राजधानी में किसी भी तरह की कमी या संकट की स्थिति न बने और लोगों को जरूरी खाद्य सामग्री उचित कीमत पर मिलती रहे।
केंद्र सरकार की ओर से दिल्ली के लिए 1000 मीट्रिक टन प्याज उपलब्ध कराने का फैसला इसी दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि प्याज की उपलब्धता बनाए रखने और कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए जरूरत के मुताबिक आगे भी कदम उठाए जाएंगे।
