Delhi New Year Traffic Advisory: नए साल के जश्न को लेकर दिल्ली में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 31 दिसंबर 2025 के लिए विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। शाम 7 बजे से कनॉट प्लेस और इंडिया गेट की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर कड़ी रोक रहेगी। ये प्रतिबंध न्यू ईयर सेलिब्रेशन खत्म होने तक जारी रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने साफ किया है कि निजी और सार्वजनिक, दोनों तरह के वाहनों पर ये नियम लागू होंगे और लोगों से पहले से यात्रा की योजना बनाने की अपील की गई है।
नए साल के मौके पर सड़कों पर रहेंगी पाबंदियां
कनॉट प्लेस के आसपास नो-एंट्री
शाम 7 बजे के बाद कई प्रमुख चौराहों से आगे कनॉट प्लेस की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, मिंटो रोड, गोल मार्केट, पटेल चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जय सिंह रोड और विंडसर प्लेस जैसे इलाकों से आगे बैरिकेडिंग रहेगी। कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में केवल वैध पास वाले वाहन ही प्रवेश कर सकेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने कुछ जगहों पर सीमित पार्किंग की व्यवस्था की है, जिसमें गोल डाकखाना, पटेल चौक, मिंटो रोड, पंचकुइयां रोड, बंगाली मार्केट, विंडसर प्लेस और जंतर-मंतर रोड शामिल हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि पार्किंग पूरी तरह “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर होगी और गलत जगह खड़े वाहनों को टो कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए विशेष सलाह
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को कनॉट प्लेस की ओर से जाने की अनुमति नहीं होगी। दक्षिण दिल्ली से आने वाले यात्रियों को मंडिर मार्ग, रानी झांसी रोड, देशबंधु गुप्ता रोड और भवभूति मार्ग से आने की सलाह दी गई है। अजमेरी गेट की ओर से प्रवेश बेहतर विकल्प बताया गया है। हालांकि, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इन प्रतिबंधों का कोई असर नहीं पड़ेगा। उत्तर-दक्षिण दिशा में जाने वाले वाहन रिंग रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग और मथुरा रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्व-पश्चिम दिशा में यात्रा करने वालों को रिंग रोड, भैरों मार्ग, सुभाष चंद्र बोस मार्ग और शंकर रोड से जाने की सलाह दी गई है।
इंडिया गेट पर भी रहेगी सख्ती
इंडिया गेट के आसपास भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर जनपथ, क्यू-प्वाइंट, सुनेहरी मस्जिद, मंडी हाउस और मथुरा रोड से वाहनों को मोड़ा जा सकता है। दिल्ली चिड़ियाघर और आसपास के इलाकों में जाने से बचने और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल की अपील की गई है।
जारी हुई ट्रैफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से नियमों का पालन करने, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने और निजी वाहन की बजाय मेट्रो व अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील की है। किसी भी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 और 011-25844444 जारी किए गए हैं।
