Weather Updates: दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोग मौसम की बेरुखी से परेशान हो गए हैं। जैसे बारिश ने लुकाछिपी का खेल खेलना शुरू कर दिया है। दिल्ली में सोमवार को उमस भरा मौसम रहा और दिनभर धूप छाई रही। धूप की वजह से लोगों को राहत नहीं मिली। हालांकि, कहीं-कहीं आसमान में बादल छाए रहे और थोड़ी बहुत हवाएं चली। आइए जानते हैं कि दिल्ली एनसीआर में कल यानी कि मंगलवार को मौसम का हाल कैसा रहने वाला है।
फाइल फोटो।
दिल्ली में आज कैसा था मौसम?
दिल्ली में सोमवार की सुबह उमस भरे मौसम के साथ न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इससे पहले भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया था कि राष्ट्रीय राजधानी में हल्के बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, शहर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षित आर्द्रता का स्तर 78 प्रतिशत दर्ज किया गया।
दिल्ली में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली एनसीआर में मंगलवार को बारिश होने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली के कुछ इलाकों में मंगलवार सुबह हल्की बारिश हो सकती है और तापमान 39 डिग्री के करीब रहने का अनुमान जताया गया है। बता दें कि दिल्ली में मानसून सुस्त पड़ गया है, जो बुधवार को रफ्तार पकड़ सकता है। ऐसा मौसम विभाग ने बताया है।
अगस्त में कैसा रहेगा मौसम?
इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में बुधवार से मानसून फिर से एक्टिव हो जाएगा, जिससे अच्छी बारिश होगी। वहीं, अगस्त की शुरुआत तेज बारिश के साथ होने वाली है। अनुमान है कि दो अगस्त को दिल्ली में तेज बारिश होगी। इसके बाद अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में हल्की बारिश होगी। वहीं, अगस्त के पहले सप्ताह में तापमान में गिरावट होगी और करीब 34 डिग्री तक तापमान रहेगा।
