Delhi-NCR Ka Mausam (दिल्ली-एनसीआर में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-Dec-2025: दिल्ली-एनसीआर की सुबह घने कोहरे की सफेद चादर के साथ हुई है। घने कोहरे के बीच दृश्यता जीरो के बराबर बनी हुई है। कुछ स्थानों पर कोहरा इतना अधिक है कि आगे चल रहा इंसान तक दिखाई नहीं दे रहा है। पूरी दिल्ली सोमवार के दिन कोहरे की सफेद चादर से ढकी हुई है। इस बीच वाहनों को सड़कों पर रेंगते हुए देखा जा रहा है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहनों की गति थम गई है। सड़क यातायात के साथ रेल और हवाई यातायात भी प्रभावित नजर आ रहा है। कई ट्रेनें देरी से चल रही है। बढ़ती ठंड और कोहरे के बीच प्रदूषण का स्तर एक बार फिर तेजी से बढ़ रहा है। सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली का एक्यूआई एक बार फिर 390 पहुंच गया है। लेकिन इस बीच मौसम विभाग ने दिल्ली के मौसम को लेकर एक बड़ा अपडेट दिया है। आइए आपको बताएं आज दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
दिल्ली में मौसम कैसा रहेगा?
दिल्ली में रविवार देर रात से शहर में कोहरे की शुरुआत हो गई थी। सोमवार को पूरी दिल्ली कोहरे की चादर में लिपटी हुई नजर आई। घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित हुई है, जिससे सड़कों पर वाहनों की गति पर असर देखने को मिल रहा है। स्कूल, कॉलेज और ऑफिस जाने वाले लोगों को इससे अच्छी-खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ठंड में लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं।
दिल्ली में फिर बढ़ रहा प्रदूषण?
दिल्ली में प्रदूषण का कहर अभी भी जारी है। बीते दिनों शहर के एक्यूआई में सर्द हवाओं की वजह से गिरावट आई थी, जिससे लोगों की उम्मीद बढ़ने लगी थी कि शहर का एक्यूआई आने वाले दिनों में और सुधर सकता है। लेकिन एक दिन की राहत की उम्मीद देकर दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण फिर बढ़ने लगा और एक्यूआई में वृद्धि देखने को मिली। 218 पहुंचा एक्यूआई में उछाल आया और अब शहर का एक्यूआई 400 तक पहुंच गया है। कई स्थान ऐसे भी हैं, जहां एक्यूआई 400 के पार गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, आनंद विवाह और विवेक विहार का एक्यूआई 450 दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम एक्यूआई एनएसआईटी द्वारका में 247 रिकॉर्ड किया गया है।
क्या आज दिल्ली में बारिश होगी?
मौसम विभाग ने साल 2025 के खत्म होने से दो दिन पहले दिल्ली समेत उत्तर भारत के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया जा रहा है कि एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है, जिससे 31 और 1 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। यदि यहां बारिश होती है तो ऐसे में प्रदूषण का असर कम होगा और दिल्ली की हवा में एक बार फिर सुधार देखने को मिलेगा। लेकिन दिल्ली में बारिश होने से नए साल के जश्न में भी खलल देखने को मिलेगा।
एनसीआर में मौसम कैसा बना रहेगा?
दिल्ली से सेट गाजियाबाद, नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भीषण ठंड का कहर देखने को मिल रहा है। यहां भीषण ठंड के साथ मौसम विभाग ने कोहरे का अलर्ट भी जारी किया है। घने कोहरे के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में भी घना कोहरा छाया रहेगा। साथ ही बारिश की भी संभावना जताई गई है। अब तापमान की बात करें तो फरीदाबाद और गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान क्रमशः 23 और 21 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि गाजियाबाद और नोएडा की बात करें तो यहां न्यूनतम तापमान क्रमशः 7 डिग्री और 8 डिग्री रहेगा और अधिकतम तापमान 16 और 17 डिग्री रहेगा।
