Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29-December-2025: बिहार में सर्दी का असर लगातार तीखा होता जा रहा है। ठंडी पछुआ हवाओं और घने कोहरे ने प्रदेश को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। राजधानी पटना समेत अधिकांश जिलों में दिनभर ठिठुरन बनी रही, जबकि धूप की मौजूदगी न के बराबर रही। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए कई जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पटना समेत कई जिलों में दिनभर ठंड का कहर
रविवार को पटना में सुबह घना कोहरा और बादल छाए रहे। दोपहर के समय थोड़ी देर के लिए धूप जरूर निकली, लेकिन उसमें गर्माहट नहीं थी। कुछ ही समय में बादल फिर छा गए और पूरे दिन ठंड का असर बना रहा। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में 11 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही सर्द पछुआ हवा ने कनकनी बढ़ा दी।
22 जिलों में कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को बिहार के 22 जिलों में कोल्ड डे और घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में दिनभर धूप निकलने की संभावना बेहद कम है और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रह सकता है। ठंड के चलते लोगों को दिन में भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। घने कोहरे का असर परिवहन व्यवस्था पर भी साफ नजर आया। पटना जंक्शन से चलने वाली कई ट्रेनें अपने तय समय से देरी से रवाना हुईं। दृश्यता कम होने के कारण सुबह के समय सड़क और रेल यातायात में परेशानी बनी रही।
नए साल तक जारी रहेगा ठंड का दौर
मौसम विभाग का अनुमान है कि नए साल तक बिहार में ठंड से राहत नहीं मिलेगी। अगले चार से पांच दिनों तक कई जिलों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के आसार हैं। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहेगा, जबकि दिन में भी धूप कमजोर बनी रहेगी।
उत्तर और पूर्वी बिहार में ज्यादा असर
खासकर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में ठंड का प्रभाव ज्यादा महसूस किया जा रहा है। सर्द हवाओं के कारण दिन और रात दोनों समय कनकनी बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक जनवरी को भी कड़ाके की ठंड पड़ने की आशंका जताई है। प्रदेश में सबसे कम तापमान राजगीर में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस रहा। पटना का न्यूनतम तापमान करीब 10.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई जिलों में विजिबिलिटी 50 से 100 मीटर तक सिमट गई, जिससे ठंड और कोहरे का असर और गंभीर हो गया।
