LIVE
Monsoon Updates: राजस्थान में कई जगह भारी बारिश का अनुमान, दिल्ली में आज भी बरसेंगे मेघ
Monsoon Delhi, Gurugram, Noida, Ghaziabad, Faridabad, NCR Monsoon Alert Updates: राजस्थान में मानसून के कारण आगामी कुछ दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान है, दिल्ली, यूपी, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मानसून ने दस्तक दे दी है। इन सभी राज्यों के कई शहरों में भारी बारिश दर्ज की जा रही है। इस बीच मौसम विभाग ने यूपी के 30 जिलों और हिमाचल के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मानसून से जुड़ी अन्य खबरें इस प्रकार हैं -
JUN 29, 2024 15:09 IST
JUN 29, 2024 13:43 IST
राजस्थान में कई जगह भारी बारिश का अनुमान
राजस्थान में मानसून के कारण आगामी कुछ दिनों में भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे में राज्य में कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश पश्चिमी राजस्थान के रायसिंहनगर (72.3 मिलीमीटर) व पूर्वी राजस्थान के कामां (भरतपुर) में (68 मिलीमीटर) दर्ज की गई है। केंद्र ने पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में 29 जून से दो जुलाई के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम केंद्र ने बताया कि भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में 29 जून से दो जुलाई के दौरान कहीं-कहीं भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।
JUN 29, 2024 12:17 IST
दिल्ली में तेज बारिश होने की संभावना
दिल्ली में मानसून के पहुंचने के साथ बारिश के 88 वर्षों का रिकॉर्ड टूटने के एक दिन बाद शनिवार सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। रोहिणी और बुराड़ी इलाकों में सुबह बारिश हुई।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में बादल छाये रहने और भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। आर्द्रता का स्तर 80 प्रतिशत रहा।
JUN 29, 2024 10:30 IST
मानसून के पहले ही दिन दिल्ली में पांच लोगों की मौत
दिल्ली में शुक्रवार को मानसून के पहले दिन लगातार तीन घंटे तक बारिश हुई जो पिछले 88 सालों में इस महीने हुयी सर्वाधिक वर्षा है और बारिश से जुड़े हादसों में राष्ट्रीय राजधानी में पांच लोगों की मौत हो गई। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्से जलमग्न हो गए। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा वहां खड़ी कारों पर गिर पड़ा, जिससे एक कैब चालक की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद विमानों का परिचालन स्थगित करना पड़ा। रोहिणी के प्रेम नगर इलाके में 39 वर्षीय व्यक्ति की करंट लगने से मौत हो गई, वहीं न्यू उस्मानपुर इलाके में बारिश के पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में एक अंडरपास में जमा बारिश के पानी में डूबने से 20 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके अलावा वसंत विहार में सुबह एक निर्माणाधीन दीवार गिरने से तीन मजदूर मलबे में दब गए। बचाव कार्य शाम तक जारी रहा लेकिन गुजरते वक्त के साथ उनके बचने की उम्मीदें दम तोड़ रही हैं।
JUN 29, 2024 08:56 IST
बिहार में आज गरज-चमक के साथ होगी बारिश
JUN 29, 2024 07:15 IST
यूपी में बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है। शुक्रवार को बिजली गिरने से 15 लोगों की मौत की खबर सामने आई है।
JUN 29, 2024 06:30 IST
उत्तराखंड में मानसून की दस्तक
उत्तराखंड में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। पौड़ी में मानसून की पहली बारिश जमकर हुई। मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, पिथौराढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और चमोली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और टिहरी में गरज-चमक के साथ बारिश होने की उम्मीद है।
JUN 29, 2024 06:29 IST
हिमाचल प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 12 में से 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसमें चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और राजधानी शिमला शामिल है।
JUN 29, 2024 06:29 IST
बिहार में आंधी-वज्रपात और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने बिहार के अधिकतर जिलों में आंधी, वज्रपात और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में तेज हवाएं चलेंगी।
JUN 29, 2024 07:01 IST
यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
यूपी में मानसून पहुंचे कुछ समय हो गया है। इस दौरान मौसम विभाग ने यूपी के 30 जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। खीरी, बिजनौर, गोरखपुर, कुशीनगर, गोंडा, देवरिया और बरेली समेत 19 जिलों में भारी के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है।
JUN 29, 2024 06:29 IST
Delhi Monsoon: दिल्ली में गरज-चमक के साथ आंधी-बारिश का अलर्ट
मानसून ने दिल्ली में दस्तक दे दी है। मानसून के पहले ही दिन दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को पूरी दिल्ली में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
