एक तरफ मूसलाधार बारिश, दूसरी तरफ जलभराव की मार…दिल्ली से गुरुग्राम तक घर लौटने की जद्दोजहद, कैब के लिए घंटों करना पड़ा इंतजार

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों की सड़कों को जलमग्न कर दिया, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में जलभराव के कारण वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को दफ्तरों व घरों तक पहुंचने में परेशानी हुई। कई जगहों पर पानी घरों और सबवे तक पहुंच गया, जबकि पेड़ गिरने और इमारतों से जुड़ी घटनाओं ने भी प्रशासन की चिंता बढ़ा दी।

Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही तेज बारिश ने शुक्रवार को जनजीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूब गईं। जगह-जगह जलभराव के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने बताया कि वे घंटों तक कैब बुक करने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें वाहन नहीं मिल सका या तो उनका प्राइस नॉर्मल रेट से ज्यादा दिख रहा था।

Delhi NCR Rain

दिल्ली-NCR में बारिश बनी मुसीबत

दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके में भारी जलभराव देखने को मिला। सड़कों पर काफी मात्रा में पानी जमा होने के कारण स्थानीय लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान स्कूल जाने वाले बच्चे भी पानी के बीच से गुजरते और खेलते नजर आए। बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के आसपास भी बारिश का पानी भर गया। यहां पानी सबवे के अंदर तक पहुंच गया, जिससे यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। छतरपुर के फतेहपुर बेरी स्थित बाल्मीकि बस्ती में भी जलभराव की स्थिति गंभीर रही। इसके अलावा छतरपुर फार्म इलाके में भी कई स्थानों पर पानी जमा हो गया। महिपालपुर फ्लाईओवर के पास करीब डेढ़ से दो फीट तक पानी भरने की सूचना सामने आई। जलभराव के कारण सड़क के एक हिस्से को बंद करना पड़ा। पानी के बीच से निकलने की कोशिश में कई वाहन फंस गए और कुछ डीटीसी बसें भी खराब हो गईं।

End of Feed