शहर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का लेटेस्ट अपडेट, कोटा से दिल्ली तक का सफर हुआ आसान

Delhi–Mumbai Expressway के दिल्ली-वडोदरा सेक्शन में पैकेज 10 का निर्माण पूरा होने के बाद अब कोटा से दिल्ली-NCR तक सीधा सफर संभव हो गया है। यानी अब आप करीब 317 किमी का मार्ग एक्सप्रेसवे से तय करके दिल्ली पहुंच सकते हैं। हालांकि, दिल्ली से कोटा की ओर यह एक्सप्रेसवे अभी पूरी तरह से नहीं खुला है।

Image

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का लेटेस्ट अपडेट यहां जानें

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे (Delhi Mumbai Expressway) देश का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है, जिसका काम पूरा होने का इंतजार पूरा देश कर रहा है। कुल 1350 किमी लंबे इस एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्से पिछले दो-तीन सालों से आम जनता के लिए खोले जा चुके हैं। जबकि कुछ अन्य हिस्सों पर अब भी काम चल रहा है। एक्सप्रेसवे को लेकर ताजा अपडेट आपको खुश कर देगा, क्योंकि अब कोटा से दिल्ली तक का सफर आसान हो गया है। यानी दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके आप कोटा से दिल्ली तक पहुंच सकते हैं। चलिए इस बारे में विस्तार से जानते हैं।

यहां पहले से खुला था एक्सप्रेसवे

दिल्ली के पास हरियाणा में सोहना (गुरुग्राम) से राजस्थान में सवाई माधोपुर तक दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के करीब 291 किमी का हिस्सा पहले से ही आम जनता के लिए खोला जा चुका था। इस हिस्से में लंबे समय से गाड़ियां फर्राटा मार रही हैं। इसी हिस्से का इस्तेमाल करके दिल्ली-एनसीआर के लोग आसानी से जयपुर तक का सफर कर रहे हैं। यही नहीं जयपुर और आसपास के लोग भी इस हिस्से पर फर्राटा मारते हुए दिल्ली-NCR तक पहुंच रहे हैं। यह एक्सप्रेसवे के दिल्ली-वडोदरा सेक्शन के पैकेज 1 से पैकेज 9 तक है, जो अभी आम जनता के लिए खुला हुआ है।

इसके अलावा राजस्थान में इसी सेक्शन में पैकेज 12 से पैकेज 14 तक यानी लबान से कोटा तक का हिस्सा भी पहले से आम ट्रैफिक के लिए खोला जा चुका था। यानी लगभग 88 किमी के इस हिस्से पर भी पहले से गाड़ियां फर्राटा मार रही हैं।

यहां टूटा हुआ था लिंक

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-वडोदरा सेक्शन में पैकेज 10 और पैकेज 11 में एक्सप्रेसवे का लिंक अब तक टूटा हुआ था। क्योंकि यहां पैकेज 10 का काम पूरा नहीं हुआ था। हालांकि, पैकेज 11 पहले से ही तैयार था, लेकिन इस पर कोई इंटरचेंज नहीं होने के कारण वाहन कोटा से सीधे सवाई माधोपुर और सोहना की ओर नहीं आ पाते थे।

खुश करने वाला लेटेस्ट अपडेट

अब खुशखबरी ये है कि 26 किमी लंबे पैकेज 10 का काम भी पूरा हो गया है और 12 किमी लंबे पैकेज 11 का काम पहले से ही पूरा हो चुका था। इस तरह से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके अब आप कोटा से सीधे दिल्ली-NCR तक पहुंच सकते हैं। लेकिन एक समस्या दिल्ली से कोटा की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को लेकर है। वह यह कि अगर आप दिल्ली-NCR से कोटा की तरफ जा रहे हैं तो आपको सवाई माधोपुर इंटरचेंज पर एक्सप्रेसवे से एग्जिट करके लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर जाना होगा। इसके बाद आप लबान वाले इंटरचेंज से एक बार फिर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के मेन कैरिजवे पर जा सकते हैं।

एक ही तरफ का मेन कैरिजवे खोला गया

हालांकि, पैकेज 10 का एक ही हिस्सा आम ट्रैफिक के लिए खुला है। इस पैकेज पर दिल्ली की तरफ से कोटा की ओर जाने के लिए पैकेज अभी नहीं खोला गया है। पैकेज 10 में कई जगह पर ट्रैफिक डायवर्जन है। इसलिए अगर आप दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके कोटा से दिल्ली की ओर आ रहे हैं तो लबान से सवाई माधोपुर के बीच अतिरिक्त सावधान बरतकर चलें। बता दें कि इसी पैकेज 12 के लबान इंटरचेंज के बाद शुरू होने वाले पैकेज 11 पर एनिमल ओवरपास भी बनाए गए हैं। यहां से जंगली जानवरी आसानी से बिना एक्सप्रेसवे पर आए जंगल में दोनों तरफ जा सकते हैं।

कितना किमी सफर हुआ सुहाना?

अगर आप कोटा से दिल्ली की ओर आ रहे हैं तो दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके आप कोटा से सोहना तक पूरे एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस तरह कोटा से सोहना तक करीब 317 किमी का सफर फर्राटा मारते हुए पूरा कर सकते हैं।

नोट - सभी जानकारी और फोटो इंफ्रा व्लॉगर मोहित कुमार के X सोशल मीडिया हैंडल (@DetoxTravellerr) से ली गई है। मोहित कुमार के YouTube वीडियो को खबर में एम्बेड भी किया गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article