शहर

Video: जल्दबाजी में जान जाते-जाते बची, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में 'पटरी' पर गिरा युवक

बिहार में बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक युवक फिसलकर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। मौके पर मौजूद रेलवे पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ट्रेन को रुकवाया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घायल युवक की हालत खतरे से बाहर है।

आपकी एक छोटी सी गलती और जल्दबाजी आपकी जान के लिए आफत का सबब बन सकती है। खासतौर पर अगर बात ट्रेन या बस में चढ़ने या उससे उतरने की बात हो तो। ऐसा ही कुछ नजारा बिहार के बेगूसराय रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला। हालांकि, जाको राखे साईंया, मार सके न कोय कहावत चरितार्थ हुई और युवक की जान बच गई। लेकिन उसकी जल्दबाजी से उसकी जान भी जा सकती थी। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें युवक ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के गैप से नीचे पटरी पर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।

मामला बिहार में बेगूसराय रेलवे स्टेशन का है। यहां एक युवक चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसका पैर फिसला और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच में गिर गया। रेलवे पुलिस ने तेजी दिखाते हुए युवक की जान बचाई।

जानकारी के मुताबिक 18625 अप ट्रेन जैसे ही बेगूसराय स्टेशन पर पहुंची और आगे बढ़ने लगी, तभी एक युवक ने जल्दबाजी में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इस दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिर गया। ट्रेन की रफ्तार धीमी जरूर थी, लेकिन वह लगातार आगे बढ़ रही थी। जैसे ही युवक का पैर फिसला, स्टेशन पर मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मच गई।

वहां तैनात रेलवे पुलिस के जवानों ने तुरंत हालात की गंभीरता को भांप लिया। उन्होंने बिना देर किए ट्रेन को रुकवाया और अन्य कर्मचारियों के सहयोग से युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आखिर रेलवे पुलिस और स्टेशन स्टाफ की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के कचहरी रोड निवासी सौरभ कुमार के रूप में हुई है। सौरभ को तुरंत इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने फर्स्ट एड के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई।

घटना के बाद रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश कतई न करें। अधिकारियों ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इस घटना ने एक बार फिर सावधानी और नियमों के पालन की जरूरत पर बल दिया और समझाया कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही और जल्दबाजी से आपकी जान खतरे में पड़ सकती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article