शहर

Delhi News: रविवार 18 अक्टूबर को सुबह 3.30 बजे से ही चलने लगेगी दिल्ली मेट्रो, जानें क्या है वजह

Delhi News: दिल्ली में रविवार को चार मेट्रो रूट्स पर सुबह 3:30 बजे से ही ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। DMRC ने ट्रेन टाइमिंग और रूट का ब्योरा दिया है।

Image

दिल्ली में रविवार को सुबह 3.30 बजे से चलेगी मेट्रो

Delhi News: अगर आप दिल्ली में रहते हैं और रविवार तड़के कहीं जाना है तो आपके लिए अच्छी खबर है। क्योंकि रविवार 18 अक्टूबर को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह 3.30 बजे से ही शुरू हो जाएंगी। ऐसे में आपको अपने कंतव्य तक जाने में दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। बता दें कि रविवार 18 अक्टूबर को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 का आयोजन हो रहा है।

इस हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले धावकों और दर्शकों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने चार प्रमुख लाइनों पर मेट्रो सेवाएं सामान्य समय से पहले शुरू करने का ऐलान किया है। इन लाइनों पर टर्मिनल स्टेशनों से पहली ट्रेन सुबह 3:30 बजे रवाना होगी। इसका उद्देश्य जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में होने वाले आयोजन के दौरान लोगों को समय पर पहुंचने में मदद करना है।

DMRC के मुताबिक, रविवार को यह विशेष व्यवस्था रेड, येलो, ब्लू और वायलेट लाइन पर लागू होगी। सुबह 6 बजे से इन चारों लाइनों पर रविवार का सामान्य टाइमटेबल लागू हो जाएगा। बाकी मेट्रो लाइनें भी अपने नियमित रविवार के शेड्यूल के अनुसार चलेंगी।

किन लाइनों पर सुबह 3:30 बजे चलेगी पहली ट्रेन?

दिल्ली मेट्रो ने 18 अक्टूबर को हाफ मैराथन के लिए चार लाइनों पर सेवाएं जल्दी शुरू करने की घोषणा की है। इनका पूरा विवरण इस प्रकार है।

  • रेड लाइन : रिठाला से गाजियाबाद में शहीद स्थल न्यू बस अड्डा
  • येलो लाइन : समयपुर बादली से मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम
  • ब्लू लाइन : द्वारका सेक्टर-21 से नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी और वैशाली की ओर
  • वायलेट लाइन : कश्मीरी गेट से राजा नाहर सिंह (बल्लभगढ़)

इन रूट पर जल्दी मेट्रो सेवा शुरू होने से सुबह-सुबह स्टेडियम पहुंचने वाले धावकों और अन्य यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

सुबह 6 बजे तक क्या रहेगा मेट्रो का टाइमटेबल?

DMRC की घोषणा के मुताबिक, इन चार लाइनों पर सुबह जल्दी मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। ट्रेन परिचालन के शुरुआती समय में लगभग 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेनें चलाने की व्यवस्था बताई गई है। सुबह 4:15 बजे से 6 बजे तक ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी 20 मिनट रहने की जानकारी दी गई है।

सुबह 6 बजे के बाद इन लाइनों पर सामान्य रविवार का टाइमटेबल लागू होगा। यात्रियों को सलाह है कि घर से निकलने से पहले अपने शुरुआती और अंतिम स्टेशन के अनुसार ट्रेन का समय जरूर जांच लें।

रजिस्टर्ड धावकों को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा

मैराथन में हिस्सा लेने वाले रजिस्टर्ड धावकों के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध कराए जाने की खबर है। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए प्रतिभागियों को रेस बिब के साथ खास QR कोड वाली रिस्टबैंड लेनी होगी।

आयोजकों ने JLN स्टेडियम, जोर बाग, जनपथ और जंगपुरा जैसे प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर स्वयंसेवकों की तैनाती की व्यवस्था भी की है। ये स्वयंसेवक प्रतिभागियों को रास्ता बताने और भीड़ नियंत्रण में मदद करेंगे। यह सुविधा सभी मेट्रो यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि पात्र पंजीकृत धावकों के लिए बताई गई है।

विरोध प्रदर्शन के बीच बदला गया 10K रेस का शुरुआती स्थान

आयोजकों ने रविवार की दौड़ के रूट में कुल ही कुछ बदलावों की घोषणा की थी। इसके तहत ओपन 10K रेस अब संसद मार्ग के बजाय जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम से शुरू होगी। हाल के दिनों में संसद मार्ग पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हुए थे।

न्यूज एजेंसी PTI के अनुसार, आयोजकों ने कहा कि दौड़ की तैयारियां संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय में की जा रही हैं और धावकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक इंस्पेक्टर मधुरेंद्र कुमार के अनुसार, रूट पर सुचारु आवाजाही और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 200 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article