शहर

इन 10 स्टेशनों से बाइक, ऑटो और टैक्सी चलाएगी दिल्ली मेट्रो, भारत टैक्सी से भी जुड़ेगी APP

दिल्ली मेट्रो अपने यात्रियों के लिए 31 जनवरी से 10 प्रमुख स्टेशनों पर बाइक टैक्सी, ऑटो और कैब सेवाएं शुरू करने जा रही है। DMRC और सहकार टैक्सी के बीच हुए समझौते के तहत लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर किया जाएगा। भारत टैक्सी और DMRC सारथी ऐप के जुड़ने से यात्रा ज्यादा आसान और पारदर्शी बनेगी।

Image

दिल्ली मेट्रो के यात्रियों को स्टेशन के पास मिलेगी टैक्सी सेवा

दिल्ली मेट्रो, दिल्ली की शान है और दिल्ली की लाइफलाइन है। दिल्ली और NCR में कहीं भी जाने से पहले ज्यादातर लोग मेट्रो का रूट देखते हैं। मेट्रो की कनेक्टिविटी तो दिल्ली-NCR के दूर-दराज के इलाकों तक है। लेकिन कई क्षेत्रों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी एक तरह से सिरदर्द है। दिल्ली मेट्रो ने इसका भी समाधान निकाल लिया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी DMRC ने दिल्ली-NCR के कुछ चुनिंदा स्टेशनों से बाइक टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और कैब सेवाएं चलाने की घोषणा की है। चलिए जानते हैं -

DMRC 31 जनवरी से राजधानी और NCR के चुनिंदा 10 व्यस्त मेट्रो स्टेशनों पर बाइक टैक्सी, ऑटो-रिक्शा और कैब सेवाएं शुरू करने जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य मेट्रो से उतरने के बाद यात्रियों को होने वाली परेशानी को कम करना और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह सेवा उन मेट्रो स्टेशनों से शुरू होगी जो प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक केंद्रों के पास मौजूद हैं। इनमें नई दिल्ली, राजीव चौक, लाजपत नगर, नेहरू प्लेस और मिलेनियम सिटी सेंटर जैसे स्टेशन शामिल हैं।

इन 10 स्टेशनों से शुरू होगी सेवा

DMRC के मुताबिक, जिन 10 मेट्रो स्टेशनों पर यह सेवा शुरू की जाएगी, उनके नाम नीचे लिस्ट में दिए गए हैं। इन 10 स्टेशनों से बाहर निकलते ही यात्रियों को बाइक-टैक्सी, ऑटो और कैब की सुविधा मिलेंगी, इसका फायदा ये होगा कि यात्रियों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

  • नई दिल्ली (New Delhi metro station)
  • मिलेनियम सिटी सेंटर - गुरुग्राम (Millennium City Centre)
  • लाजपत नगर (Lajpat Nagar)
  • हौज खास (Hauz Khas)
  • राजीव चौक (Rajiv Chowk)
  • कश्मीरी गेट (Kashmere Gate)
  • बॉटैनिकल गार्डन (Botanical Garden)
  • वैशाली (Vaishali)
  • सिकंदरपुर (Sikandarpur)
  • नेहरू प्लेस (Nehru Place)

योजना के तहत DMRC ने सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर सिग्नेटर किए हैं। सहकार टैक्सी मोबाइल प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ का संचालन करती है, जो सहकारिता मंत्रालय की पहल है और पारदर्शी किराया प्रणाली पर आधारित है।

पायलट प्रोजेक्ट के तहत सबसे पहले मिलेनियम सिटी सेंटर और बॉटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर बाइक टैक्सी सेवा शुरू होगी। DMRC के मुताबिक, इस पायलट प्रोजेक्ट के जरिए यात्रियों की प्रतिक्रिया, शुरू होने वाली सेवा की व्यवहारिकता और संचालन की प्रभावशीलता का आकलन किया जाएगा।

डिजिटल सुविधा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से DMRC सारथी ऐप को भारत टैक्सी ऐप से भी जोड़ा जाएगा। इससे यात्री एक ही प्लेटफॉर्म पर मेट्रो यात्रा और लास्ट-माइल राइड की योजना बना सकेंगे। किराये को प्रतिस्पर्धी रखा जाएगा और पीक ऑवर्स में किराया बढ़ोतरी की भी एक सीमा तय होगी, ताकि यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े। DMRC को उम्मीद है कि उसके इस कदम से मेट्रो स्टेशन से घर का सफर काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article