दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के डीएनडी-केएमपी स्पर के पैकेज-1 की कुल लंबाई 9 किलोमीटर है। यह दिल्ली में महारानी बाग के पास रिंग रोड और डीएनडी फ्लाईवे के जंक्शन से शुरू होकर जयपुर की दिशा में किलोमीटर 9 तक जाता है। इसका काम 11 जनवरी 2022 को शुरू हुआ था।
9 किमी के इस स्पर की डेडलाइन 8 जुलाई 2024 तय की गई थी, लेकिन अब लगभग डेढ़ साल का अधिक समय बीत चुका है। हालिया प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार, परियोजना की नई समय सीमा अब 31 अक्टूबर 2026 तय की गई है। निर्माण की रफ्तार को देखते हुए अब उम्मीद की जा सकती है कि अगली डेडलाइन तक स्पर का काम पूरा हो जाएगा।
डीएनडी-केएमपी स्पर के स्टार्टिंग प्वाइंट पर एक बड़ा इंटरसेक्शन बन रहा है, जहां ट्रैफिक सराय काले खां और आश्रम की ओर विभाजित होगा। सराय काले खां की तरफ जाने वाले रास्ते पर रोड मार्किंग का काम अब पूरा हो चुका है। डीएनडी फ्लाईवे से एक्सप्रेसवे में प्रवेश के लिए बनाए गए एंट्री रैंप पर भी अंतिम परत और रोड मार्किंग का काम पूरा है।
यूपी इरिगेशन कॉलोनी के पास तक एलिवेटेड सेक्शन पर रोड मार्किंग का काम पूरा हो चुका है। एक्सप्रेसवे का यह स्पर दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन को चार अलग-अलग स्थानों पर पार करता है। मेट्रो के ऊपर के कुछ हिस्सों में अभी काम बचा है। मेट्रो के ऊपर से गुजरने के कारण यह हिस्सा निर्माण और इंजीनियरिंग की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
शाहीन बाग और सरिता विहार को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क के पास लांचर के माध्यम से सेगमेंट लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया गया है। पिछले कुछ महीनों में इस क्षेत्र के स्पैन में सेगमेंट जोड़ने की प्रक्रिया में काफी तेजी आई है। इस सड़क की क्रॉसिंग के पास अब भी तीन स्पैन ऐसे हैं जहां काम पूरा होना बाकी है।
आगरा कैनाल पर स्टील ब्रिज का निर्माण इस पैकेज का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुल का एक बड़ा हिस्सा बनकर तैयार भी हो गया है और इसके दोनों तरफ के स्पैन में गर्डर लॉन्चिंग का काम भी पूरा हो चुका है। कैनाल क्रॉसिंग पर काम की रफ्तार अच्छी खासी है। स्टील ब्रिज के सपोर्ट सिस्टम और मुख्य ढांचे का निर्माण अब अंतिम चरणों में प्रवेश कर रहा है, जिससे आगे की कनेक्टिविटी जल्द ही सुधरेगी।
पैकेज-1 का अंतिम छोर किलोमीटर 9 पर मौजूद है, जो आगे चलकर पहले से ही चालू हो चुके पैकेज-2 से जुड़ता है। उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट 2026 की अपनी अगली डेडलाइन को मिस नहीं करेगा। यह सड़क भविष्य में यात्रियों के लिए वरदान साबित होगी, क्योंकि यह आपको सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करती है। सभी तस्वीरें और जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के x.com/DetoxTravellerr हैंडल से साभार ली गई हैं।