Delhi Metro: जंतर-मंतर पर शुक्रवार को हुए विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर कुछ समय के लिए बंद किए गए दिल्ली मेट्रो के 12 स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट अब यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बताया कि मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर प्रवेश और निकास की सुविधा सामान्य कर दी गई है।
जनपथ से नई दिल्ली तक 12 स्टेशनों के एंट्री-एग्जिट गेट खोले गए
सभी स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बहाल हुई
DMRC के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जिन स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार अस्थायी रूप से बंद किए गए थे, उनमें जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, राजीव चौक, बाराखंभा, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, INA, चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली शामिल हैं। लेकिन अब इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों की आवाजाही बहाल हो चुकी है।
नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा अब उपलब्ध
DMRC ने यह भी स्पष्ट किया कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर इंटरचेंज की सुविधा भी अब उपलब्ध है। प्रतिबंधों के दौरान राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और केंद्रीय सचिवालय स्टेशनों पर इंटरचेंज सुविधा जारी रखी गई थी, जिससे यात्रियों को मेट्रो नेटवर्क के दूसरे रूटों पर जाने में मदद मिलती रही। दरअसल, जंतर-मंतर पर कई संगठनों की ओर से विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया गया था।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर था प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी, ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA), नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) और इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारियों ने मतदाता सूची के पुनरीक्षण और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए DMRC ने एहतियात के तौर पर संबंधित मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास अस्थायी रूप से बंद किया था।
