दिल्ली : दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की जारी बस हड़ताल के बीच यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने अपने नेटवर्क पर अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। यात्रियों की संभावित भीड़ को संभालने और पीक आवर्स में सफर को सुचारू बनाए रखने के लिए मेट्रो ने अतिरिक्त ट्रेनें संचालित कीं। DMRC के मुताबिक, बुधवार को जरूरत के अनुसार कुल आठ अतिरिक्त ट्रेनें सेवा में लगाई गईं। इसके अलावा पूरे नेटवर्क पर 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप बढ़ाए गए। इसका उद्देश्य बस सेवा प्रभावित होने के कारण मेट्रो की ओर बढ़ने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।
डीटीसी बस चालकों की हड़ताल
17 सितंबर को भी चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
DMRC ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को भी अतिरिक्त व्यवस्था जारी रहेगी। यात्रियों की जरूरत के मुताबिक आठ अतिरिक्त ट्रेनों को संचालन में शामिल किया जाएगा। ये ट्रेनें सुबह 8 बजे से रात 8 बजे के बीच जरूरत के अनुसार चलाई जाएंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - 'कोई कानूनी आधार नहीं...', भारत ने कथित पाकिस्तान-चीन सीमा संयुक्त आयोग को नकारा; सुनाई खरी-खोटी
मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक, अतिरिक्त सेवाओं का संचालन यात्रियों की संख्या और परिचालन जरूरत के आधार पर किया जाएगा। इससे खास तौर पर व्यस्त समय में मेट्रो नेटवर्क पर बढ़ने वाले दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। DMRC ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाकर चलें। निगम ने कहा कि वह यात्रियों को भरोसेमंद और सुचारू मेट्रो सेवा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठा रहा है।
डीटीसी इलेक्ट्रिक बसों के चालक क्यों कर रहे हड़ताल
दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) नई इलेक्ट्रिक बसों के चालक मुख्य रूप से दैनिक वेतन में बढ़ोतरी, चिकित्सा सुविधाएं और ओवरटाइम का भुगतान किए जाने की मांग कर रहे हैं। डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के अध्यक्ष ललित चौधरी ने कहा, ’’हम चालकों की मांगों का समर्थन करते हैं। अभी तक सरकार के किसी प्रतिनिधि ने हमसे संपर्क नहीं किया है। हमारी हड़ताल शांतिपूर्ण है और हमने बसें नहीं चलाने का फैसला किया है। प्रदर्शन कर रहे चालकों के अनुसार, बस को किसी तरह का नुकसान होने पर उन पर जुर्माना लगाया जाता है, जिसे उन्होंने हटाने की मांग की है। यात्रियों ने सोशल मीडिया मंचों पर कहा कि बुधवार को सड़कों पर कम बसें उपलब्ध थीं, जिससे रोजाना आवागमन में परेशानी हुई। फिलहाल शहर में डीटीसी की कुल करीब 6,500 बसें हैं। कई अभिभावकों ने स्कूलों के लिए बस सेवा उपलब्ध नहीं होने की भी शिकायत की।
