Delhi Meerut Expressway Traffic Diversion: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अगले 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। एक्सप्रेसवे पर सड़क मरम्मत के बड़े कार्य के चलते मेरठ से दिल्ली की तरफ जाने वाली लेन पर सात किलोमीटर के हिस्से में वाहनों का संचालन दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। यह पाबंदी आज यानी शनिवार (6 जून) सुबह 7 बजे से लागू हो गई है, जो रविवार (7 जून) देर रात तक जारी रहेगी। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को जाम और असुविधा से बचाने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
जानिए कहां से बंद है रास्ता?
DCP ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन के मुताबिक, NHAI ने एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 21.460 के पास लालकुआं पुल के आसपास सड़क सुधार और सुदृढ़ीकरण का काम ठेकेदार को सौंपा है। इस काम को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए आईएमएस (IMS) डासना से लेकर एबीईएस (ABES) कॉलेज के बीच मुख्य एक्सप्रेसवे की सड़क को वाहनों के लिए पूरी तरह ब्लॉक किया गया है। इस दौरान मेरठ और हापुड़ की तरफ से आकर दिल्ली जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को आईएमएस कॉलेज के पास से ही वैकल्पिक मार्गों (डायवर्जन) की ओर मोड़ा जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- सीएम योगी के टोंटी वाले तंज पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार; CM का मतलब बताया 'करप्ट माउथ'
जाम से बचने के लिए गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने तय किया यह रूट
यदि आप इस वीकेंड पर मेरठ या गाजियाबाद से दिल्ली की यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्धारित इस नए रूट मैप को जरूर समझ लें। मेरठ से दिल्ली जाते हुए वाहन चालकों को सबसे पहले आईएमएस डासना एग्जिट से मुख्य एक्सप्रेसवे से नीचे उतरना होगा। एक्सप्रेसवे से उतरने के बाद सभी वाहन नेशनल हाईवे-9 (NH-9) पर आ जाएंगे। वाहनों को NH-9 सर्विस रोड होते हुए ही लालकुआं और एबीईएस कॉलेज के सामने से गुजरना होगा। इसके बाद वाहन चालक आईपीईएम (IPEM) कॉलेज के ठीक सामने बने प्रवेश मार्ग (एंट्री पॉइंट) से दोबारा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर चढ़ सकेंगे और दिल्ली की तरफ अपने आगे के सफर को बिना किसी रुकावट के जारी रख पाएंगे।
रविवार रात तक रहेगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, रविवार (7 जून) देर रात करीब 12 बजे सड़क मरम्मत का काम पूरा होने के बाद यह डायवर्जन समाप्त कर दिया जाएगा। इसके बाद सोमवार सुबह से वाहन पूर्व की तरह ही मुख्य एक्सप्रेसवे पर सामान्य रूप से आवाजाही कर सकेंगे। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि कुछ ही दिनों में NHAI द्वारा दिल्ली से मेरठ की तरफ जाने वाली लेन पर भी इसी तरह का सड़क सुधार कार्य शुरू कराया जाएगा, जिसकी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- साउथ दिल्ली के पुष्प विहार में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़; स्पेशल स्टाफ ने 3 को दबोचा
किसी भी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी
सड़क निर्माण स्थल पर किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोकने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए NHAI और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। काम वाली जगह पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की गई है। रात के समय वाहन चालकों को रास्ता साफ दिखे, इसके लिए रिफ्लेक्टिव साइनेज, ब्लिंकर्स और बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। डायवर्जन वाले कट और NH-9 पर वाहनों को जाम से बचाने के लिए भारी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। भारी और कमर्शियल वाहनों के चालकों को विशेष रूप से केवल निर्धारित डायवर्जन रूट पर ही चलने की हिदायत दी गई है। गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। यदि रास्ते को लेकर कोई उलझन हो या किसी आपातकालीन सहायता की आवश्यकता पड़े, तो लोग गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन कंट्रोल रूम नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं।
