दिल्ली में आज का मौसम (30 March 2026): दिल्लीवासी आज घर से बाहर जाने से पहले छाता और रेनकोट अपने साथ लेकर ही चलें। आज फिर राजधानी में आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं संग हल्की बारिश की संभावना जताई है। जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के प्रभाव से दिल्ली के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। 15 मार्च के बाद से ही यहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिसके चलते तेजी से बढ़ रही गर्मी पर ब्रेक लग गया है, हालांकि दिन में फिर से मौसम गर्म होने लगा है। लेकिन बारिश के कारण मौसम सुहावना हो सकता है। साथ ही तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है।
आज दिल्ली में बारिश का अलर्ट (AI Image)
दिल्ली में 30 मार्च को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। दिन में रुक-रुक कर हल्की बारिश या बूदंबांदी होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। साथ ही बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। 31 मार्च को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। कल दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिल्ली में अगले 5 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाले दिनों में भी बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। 1 और 2 अप्रैल को राजधानी में बादलों की आवाजाही बरकरार रहने की संभावना है। जिसके बाद अगले दो दिन यानी 3 और 4 अप्रलै को फिर से छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम में हो रहे इस बदलाव के चलते तापमान में भी उतार चढ़ाव बना रह सकता है। 1 और 2 अप्रैल को बारिश न होने पर पारा फिर से बढ़कर 35 डिग्री के करीब पहुंच सकता है। जिसके बाद 4 अप्रैल को इसमें फिर से गिरावट होने के बाद यह 21 डिग्री के आसपास बना रह सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में मार्च का महीना रहा सामान्य से ज्यादा गर्म
मौसम विभाग के अनुसार इस बार फरवरी सामान्य से ज्यादा गर्म रही और मार्च के महीने का भी यही आलम रहा। हालांकि इस महीने में अभी तक सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की जा चुकी है। इसके बावजूद मार्च का महीना सामान्य से गर्म दर्ज किया गया। दिन और रात दो डिग्री सेल्सियस से अधिक गर्म रहे, खासकर रात का पारा पिछले चार सालों में सबसे अधिक रहा। इस बार मार्च माह का पहला पखवाड़ा ज्यादा गर्म रहा। इस दौरान अधिकांश दिनों में तापमान 3-8 डिग्री सेल्सिय तक अधिक रहा। हालांकि दूसरे पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रुक-रुक कर बारिश का मौसम देखने को मिला। जिससे बढ़ती गर्मी पर ब्रेक लगा।
दिल्ली में फिर 35 डिग्री पार पहुंचा तापमान
दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। राजधानी में 12 मार्च के बाद दिन का पारा एक बार फिर 35 डिग्री के पार पहुंच चुका है। इस महीने अब तक सबसे अधिक तापमान 11 मार्च को 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इस दौरान आर्द्रता का स्तर 36 से 83 प्रतिशत तक रहा।
