दिल्ली में आज का मौसम (30 June 2026): दिल्ली-NCR में मानसून के आगमन में इस बार देरी हो रही है। जिसके कारण लोगों को गर्मी और उमस का टॉर्चर झेलना पड़ रहा है। झुलासने वाली तेज धूप और उमस भरे मौसम के कारण दिनभर चिपचिपी गर्मी परेशान कर रही है। सोमवार को राजधानी का असल तापमान भले ही 42.2 डिग्री सेल्सियस था। लेकिन हवा में अत्यधिक नमी के कारण 'हीट इंडेक्स' यानी महसूस होने वाली गर्मी का स्तर 52 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिसने लोगों गर्मी से बेहाल कर दिया।
दिल्ली में गर्मी का कहर जारी, आज बारिश के आसार
दिल्ली में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी
दिल्ली में मंगलवार सुबह भी मौसम गर्म दर्ज किया गया। हालांकि आसमान में बादल छाने के कारण धूप नहीं निकली है, लेकिन नमी भरी हवा के कारण उमस अपना काम बखूबी कर रही है। मौसम विभाग ने दिल्ली में आज येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को दोपहर में बादल छाने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। आने वाले छह दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है।
मंगलवार सुबह भी सामान्य से ज्यादा रहा तापमान
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मंगलवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है। राजधानी के अलग-अलग इलाकों में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। पालम में न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री, लोधी रोड और आयानगर में 31.2 डिग्री, जबकि रिज एरिया में 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बार रातें भी रहीं बेहद गर्म
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, इस साल मार्च से जून के बीच दिल्ली में औसत न्यूनतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रहा। यह पिछले चार सालों में सबसे अधिक और साल 2022 के बाद दूसरा सबसे गर्म रात का रिकॉर्ड है। इसी अवधि में औसत अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 6 सालों में 2024 के बाद दूसरा सबसे अधिक रहा। इससे साफ है कि इस बार दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर लगातार बना रहा।
दिल्ली में अगले 6 दिन मौसम का हाल
मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई यानी अगले दो दिन तेज हवाओं के साथ बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। जिससे तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। साथ ही लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। आईएमडी के अनुसार 30 जून से 5 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहने की संभावना है, जबक दोपहर या शाम के समय हल्की बारिश हो सकती है।
2 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ होगा एक्टिव
मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो सकता है। जिसका प्रभाव दिल्ली के मौसम पर भी पड़ेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। जिससे तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है।
