दिल्ली में आज का मौसम (29 Jan 2026): दिल्ली में एक बार फिर से कड़ाके की ठंड लौट आई है। बारिश के बाद से शहर में ठिठुरन बढ़ गई है। दिन में भी कंपकंपी का एहसास हो रहा है। बुधवार को सुबह के समय कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश दर्ज की गई। दिनभर आसमान में बादल लदे रहे, साथ ही सर्द हवाएं भी चलती रही। जिससे दिन में भी ठंड से राहत नहीं मिली। वैसे तो दिल्ली में बारिश का मौसम थम गया है। लेकिन जल्द ही फिर से बारिश की वापसी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 30 जनवरी के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ यहां के मौसम को प्रभावित कर सकता है। जिसके कारण जनवरी के आखिरी में या फरवरी की शुरुआत में फिर से बारिश होने की संभावना है।
आज दिल्ली का मौसम
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
IMD के अनुसार दिल्ली में आज बादल छाए रहने वाले हैं। हालांकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं जताई गई है। सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा भी छाया रह सकता है। जिसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। आज राजधानी में न्यूनतम पारे में करीब 5-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके साथ ही सुबह और शाम के समय ठंड में भी बढ़ोत्तरी महसूस हो सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। शुक्रवार को भी यहां बादल छाए रहने और सुबह के समय कोहरे का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में फिर लौटेगा बारिश का दौर
दिल्ली में दो दिन बाद फिर से बादल छाने और तेज हवाओं संग बारिश होने का नया दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग ने 31 जनवरी को बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही बादल गरजने और बिजली कड़कने के भी आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं 1 फरवरी को IMD ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।
| दिल्ली के इलाके | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
| सफदरजंग | 18.4 | 12.6 |
| पालम | 16.5 | 11.5 |
| लोधी रोड | 18 | 12.6 |
| रिज | 17.7 | 12 |
| आया नगर | 17 | 12.7 |
दिल्ली में फिर कड़ाके की ठंड
दिल्ली में बुधवार को कड़ाके की ठंड महसूस हुई। सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को सुबह साढ़े 8 बजे तक पिछले 24 घंटे के दौरान सफदरजंग में 4.3 मिमी, पालम में 14.8 मिमी, लोधी रोड पर 3.4 मिमी, रिज में 14.4 मिमी और आया नगर में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। दिल्ली में बुधवार को अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह औसत से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
