दिल्ली में आज का मौसम (19 May 2026): दिल्ली-NCR में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। सोमवार को राजधानी में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दौरान कई इलाकों में 44 डिग्री के पार तापमान पहुंच गया। अगले 4 दिन गर्मी का और प्रचंड रूप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने आज से 22 मई तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान लोगों को दिन में गर्म हवाओं के थपेड़े झेलने पड़ सकते हैं। साथ ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी दर्ज की जा सकती है। कहीं-कहीं दिन का पारा 45 डिग्री पार भी पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को दिन में घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज लू का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान दोपहर में गर्म और शुष्क हवाएं चलने की संभावना है। जिसकी रफ्तार 15 से 25 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। बीच-बीच में हवाओं की रफ्तार 35 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। धूप और लू के चलते ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है। शाम के समय भी लू जैसे हालात बने रहने की संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली में सबसे गर्म दिन
सोमवार को दिनभर सूरज ने अपने तेवर दिखाए। कड़ाके की धूप ने लोगों के पसीने छुड़ाए। पूरे दिन गर्म हवाएं भी चलती रहीं, जिससे लू जैसी स्थिति महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में दिल्ली का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री कम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान लोदी रोड का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री, पालम का 43.5 डिग्री, रिज का 44.6 डिग्री और आया नगर का 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
