दिल्ली में आज का मौसम (09 June 2026): दिल्ली-NCR में बीते कई दिनों से लोग भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आई बारिश अब थम चुकी है। जिसके बाद तेज धूप निकल रही है और तापमान लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है। राजधानी में एक बार फिर से तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंचने वाला है। दिनभर गर्मी के बाद रात में भी गर्मी का एहसास हो रहा है। लोगों को उमस भरी गर्मी बेचैन कर रही है। हालांकि जल्द ही मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग ने दो दिन बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में आंधी-बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में 9 जून को कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज सुबह की शुरुआत गर्म मौसम के साथ ही हुई। साथ ही तेज धूप भी निकल आई। राजधानी में आज लोगों को तेज गर्म परेशान कर सकती है। दिन में आंशिक तौर पर बादल छाए रह सकते हैं। लेकिन इससे गर्मी से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है। तेज धूप के बीच गर्म हवाओं के कारण कई जगहों पर लू की स्थिति भी महसूस हो सकती है। हालांकि ऐसा कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - उत्तर प्रदेश का मौसम (09 June 2026) UP Weather Today: यूपी में फिर लौटी हीटवेव, इन जिलों में IMD का अलर्ट; मानसून का इंतजार तेज
दिल्ली में अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से दिल्ली समेत यूपी, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में आंधी-तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान दिल्ली में भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। फिलहाल राजधानी में अगले दो दिन लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
