Sonam Wangchuk: जंतर मंतर पर जारी सोनम वांगचुक के अनशन के 21 वें दिन पुलिस उन्हें उठाकर अस्पताल ले गई है। इसके अलावा, जंतर-मंतर से आंदोलनकारियों को हटाया जा रहा है। जितने भी छात्र जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे थे, उन्हें वहां से हटाया जा रहा है। इस मामले पर दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह के आधार पर स्वास्थ्य स्थिति खराब होने के कारण वांगचुक को आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया।
सोनम वांगचुक के मामले पर दिल्ली पुलिस आधिकारिक बयान
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हाई कोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए जब सोनम वांगचुक को अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा था, तब जंतर-मंतर पर मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध किया और रास्ता रोकने की कोशिश की। इस दौरान हल्की अफरा-तफरी की स्थिति बनी, लेकिन पुलिस ने अधिकतम संयम बरतते हुए पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया।
पुलिस ने अपने बयान में कहा कि वह जंतर-मंतर पर मौजूद प्रदर्शनकारियों से अपील करती है कि वे शांतिपूर्वक धरना स्थल खाली कर दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। फिलहाल सोनम वांगचुक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं, पुलिस ने आगे कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार और सोनम वांगचुक की बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति के कारण विशेषज्ञों की सलाह पर, उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हम जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों से अनुरोध करते हैं कि वे शांतिपूर्वक जल्द से जल्द स्थान खाली कर दें।
डीसीपी सचिन शर्मा ने दिया बयान
इस पूरे घटनाक्रम और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के बीच दिल्ली पुलिस ने अपनी स्थिति साफ की है। नई दिल्ली के डीसीपी (DCP New Delhi) सचिन शर्मा ने आधिकारिक बयान देते हुए कहा कि हाई कोर्ट के आदेशों के अनुसार और सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति व विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह को ध्यान में रखते हुए, उन्हें यहां से इलाज के लिए एक सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का कोई लाठीचार्ज या ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। पुलिस ने अधिकतम संयम बरतते हुए इस पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित तरीके से पूरा कराया। बता दें कि सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
