"बिना नंबर प्लेट की गाड़ी में उठा ले गई पुलिस", AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिए जाने पर बवाल, समर्थक बोले- ये किडनैपिंग

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया। संगठन ने बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ी में ले जाने का आरोप लगाया है और इसे अपरहण बताया है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देश की राजधानी में विरोध प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के कार्यकर्ताओं ने लगातार तीसरे दिन जंतर-मंतर की ओर कूच करने का प्रयास किया। इस दौरान AISA सदस्यों ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा को एक निजी वाहन में हिरासत में लिया, जिस पर आधिकारिक नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी।

Neha Bora Detained ani

3 अक्टूबर को हिरासत के दौरान नेहा

AISA नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जिस वक्त नेहा बोरा को वाहन में ले जाया गया, उस समय गाड़ी के अंदर कोई भी महिला पुलिस अधिकारी मौजूद नहीं थी। संगठन ने इसे निर्धारित पुलिस प्रक्रिया और मानवाधिकारों का सीधा उल्लंघन करार दिया है। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तुरंत कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। नेहा के X अकाउंट से इस दौरान एक पोस्ट भी किया गया जिसमें यह लिखा था कि "दिल्ली पुलिस नेहा को कहां ले जा रही है, ये हिरासत में लेना नहीं बल्कि किडनैपिंग है।" हालांकि ताजा जानकारी के मुताबिक नेहा को अब छोड़ दिया गया है। नेहा के X अकाउंट से आए ताजा पोस्ट के मुताबिक उन्हें नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने से रिहा कर दिया गया है।

End of Feed