Delhi Heatwave Alert: दिल्ली में हाल के दिनों में हुई बारिश से मिली राहत अब खत्म हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में तापमान एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगा है। कल यानी रविवार 19 अप्रैल को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग तीन डिग्री ज्यादा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा बढ़ सकती है।
दिल्ली में इस हफ्ते हीटवेव का अलर्ट
इस साल की गर्मी में पहली बार भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जो बुधवार 22 अप्रैल से शुक्रवार 24 अप्रैल तक हीटवेव की स्थिति की चेतावनी देता है। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के संकेत हैं।
पिछले हफ्ते बारिश ने बदला मौसम
बता दें कि शुक्रवार 17 अप्रैल को इस मौसम का सबसे अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन उसी दिन भारी बारिश, बिजली कड़कने और तेज हवाओं ने मौसम को एक बार फिर बदल दिया था। इसके बाद शनिवार 18 अप्रैल को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिकी।
दिल्ली में कल का मौसम
कल यानी रविवार 19 अप्रैल को उत्तर दिल्ली के रिज स्टेशन पर सबसे ज्यादा 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि दो साल पहले रिकॉर्डतोड़ तापमान के लिए मशहूर हुए मुंगेशपुर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पश्चिमी हवाएं और लगातार तेज धूप तापमान को बढ़ा रही हैं, जिसका असर पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी देखा जाएगा।
इस हफ्ते Heatwave का अलर्ट
आज यानी सोमवार 20 अप्रैल और मंगलवार 21 अप्रैल को तापमान 41 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि बुधवार से शुक्रवार के दौरान यह 41 से 43 डिग्री सेल्सियस तक भी पहुंच सकता है। गर्मी से सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार लोगों को होता है, इसलिए सलाह दी गई है कि सावधानी बरतें और जरूरी न हो दो दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें।
ये भी पढ़ें - उत्तर प्रदेश में देर रात 40 IAS का ट्रांसफर, 15 DM बदले गए; Durga Shakti Nagpal को कमिश्नर बनाया गया
IMD के अनुसार जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा हो और सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा हो तो हीटवेव घोषित की जाती है। इस साल अप्रैल में अभी तक दिल्ली में कोई हीटवेव दिन दर्ज नहीं हुई है, जबकि 2025 में तीन और 2022 में 11 हीटवेव दिन रिकॉर्ड हुए थे।
रात का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा
राजधानी दिल्ली और NCR में आसपास के इलाकों में रात का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है, जो रविवार की रात का तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और गुरुवार तक इसके 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
बारिश के बाद दिल्ली की सवा सुधार हुआ था। अब एक बार फिर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) खराब हो गया और 258 के स्तर पर पहुंच गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है।
