आधार के बिना नहीं रुकेंगे दिल्लीवासियों के काम! सहमति से होगा प्रमाणीकरण; दूसरे पहचान दस्तावेजों का भी विकल्प

दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने एकीकृत नागरिक डेटा प्लेटफॉर्म (UCDP) के लिए आधार प्रमाणीकरण को अधिकृत किया है। यह प्रक्रिया पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और आधार न होने पर भी वैकल्पिक पहचान पत्रों के जरिए नागरिकों को सभी सरकारी सेवाएं मिलेंगी।

दिल्ली : दिल्ली में आधार कार्ड के इस्तेमाल और पहचान सत्यापन को लेकर सरकार ने अहम कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) को लेकर राजपत्र अधिसूचना जारी की है। इसके तहत निर्धारित उद्देश्यों के लिए आधार प्रमाणीकरण की अनुमति दी गई है, लेकिन इसे पूरी तरह स्वैच्छिक रखा गया है। यानी किसी भी व्यक्ति का आधार वेरिफिकेशन उसकी सहमति के बिना नहीं किया जा सकेगा। ऐसे मामलों में नागरिकों की पहचान के लिए वैकल्पिक और व्यावहारिक साधनों के रूप में मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी किए गए किसी अन्य फोटो पहचान पत्र का उपयोग किया जा सकेगा।

Delhi Aadhaar Notification

(आधार कार्ड -फोटो-Istock)

विभाग के अनुसार, इस आधार प्रमाणीकरण का मुख्य उद्देश्य सुशासन सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करना, निवासियों के जीवन को सुगम बनाना और उनके लिए विभिन्न सेवाओं तक बेहतर पहुंच को सक्षम करना है। यह अधिसूचना सरकारी राजपत्र में इसके प्रकाशन की तिथि यानी 12 नवंबर 2026 से प्रभावी हो गई है।

End of Feed