Delhi News: द्वारका में पार्किंग विवाद में तीसरी मंजिल से फेंका गैस सिलेंडर, नीचे खड़े 28 साल के युवक की मौत

दिल्ली के द्वारका स्थित बिंदापुर एक्सटेंशन के राधिका अपार्टमेंट में पार्किंग विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से गैस सिलेंडर फेंककर 28 वर्षीय युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

देश की राजधानी दिल्ली के द्वारका इलाके में पार्किंग के मामूली विवाद के बाद एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। थाना डाबड़ी क्षेत्र के बिंदापुर एक्सटेंशन स्थित राधिका अपार्टमेंट में मामूली बहस के बाद तीसरी मंजिल से एक भारी-भरकम गैस सिलेंडर नीचे फेंक दिया गया। तीसरी मंजिल से गिरा सिलेंडर नीचे पार्किंग में खड़े 28 वर्षीय युवक के ऊपर जा गिरा। आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

dwarka cylinder death

शराब के नशे में फेंका छत से नीचे सिलेंडर (AI Generated Image)

पीसीआर कॉल मिलते ही मौके पर पहुंची डाबड़ी पुलिस

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना 27 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे की है। पीसीआर (PCR) कॉल के जरिए पुलिस को राधिका अपार्टमेंट में गंभीर हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना डाबड़ी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर प्राथमिक जांच में पता चला कि इमारत की तीसरी मंजिल से एक रसोई गैस सिलेंडर जानबूझकर नीचे फेंका गया था, जो सीधे पीड़ित के ऊपर गिरा।

मासूम बेटे और पत्नी को छोड़ गया 28 वर्षीय साहिल

पुलिस जांच में मृतक की पहचान साहिल (28) के रूप में हुई है। साहिल साप्ताहिक बाजारों में काम करके अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। साहिल की अचानक हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। वह अपने पीछे पत्नी रितु, डेढ़ साल के मासूम बेटे कार्तिक और अपनी बुजुर्ग मां को छोड़ गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुबह से पी रहा था शराब, आरोपी शिवम की पहचान

शुरुआती जांच और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान शिवम शर्मा उर्फ शिव (24) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शिवम ने घटना वाले दिन सुबह से ही अत्यधिक मात्रा में शराब पी रखी थी और वह अपने काम पर भी नहीं गया था। शाम करीब 7 बजे राधिका अपार्टमेंट की पार्किंग में गाड़ी खड़ा करने को लेकर मामूली कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी गुस्से में तीसरी मंजिल स्थित अपने फ्लैट की तरफ गया और वहां से भारी गैस सिलेंडर उठाकर सीधे नीचे फेंक दिया। नीचे खड़ा साहिल सिलेंडर की सीधी चपेट में आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डाबड़ी पुलिस कर रही कानूनी कार्रवाई

फिलहाल थाना डाबड़ी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी शिवम शर्मा की भूमिका और घटना से जुड़े सभी फॉरेंसिक साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

End Article
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहर...

End of Feed