शहर

इस वीकेंड Delhi Dehradun Expressway पर मारें फर्राटा, दून में ये 7 जगहें आपका इंतजार कर रही हैं

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे खुलने से सफर आसान हुआ। अब ढाई घंटे में देहरादून पहुंचकर वीकेंड पर ठंडी वादियों और प्रमुख पर्यटन स्थलों का आनंद लिया जा सकता है। यहां पढ़ें वीकेंड गाइड

Image

इस वीकेंड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर फर्राटा मारने के लिए वीकेंड गाइड

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (Delhi Dehradun Economic Corridor) को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 14 अप्रैल को ही Delhi Dehradun Expressway का उद्घाटन किया। दिल्ली, सहारनपुर और देहरादून को जोड़ने वाले इस हाईवे के बन जाने के बाद दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र 210 किमी रह गई है। एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके इस दूरी को आप सिर्फ ढाई घंटे में तय कर सकते हैं। आज से वीकेंड शुरू हो रहा है और यह एक्सप्रेसवे खुलने के बाद पहला वीकेंड है। ऐसे में आपने भी दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर फर्राटा मारने की तैयारी की है तो अपने प्रोग्राम को थोड़ा और बढ़ाएं। शनिवार और रविवार का दिन देहरादून में बिताएं, क्योंकि यहां की सात जगहें आपका बेसब्री से इंतजार कर रही हैं। देहरादून जाकर यहां नहीं गए तो फिर देहरादून का पूरा मजा कहां लिया आपने।

शनिवार सुबह 5 बजे दिल्ली से निकले और 8 बजे से पहले आप देहरादून की हसीन वादियों में होंगे। इसके बाद इस पुराने शहर में चाय-नाश्ता करें और फिर उन जगहों को एक्सप्लोर करने निकल जाएं, जो देहरादून की खूबसूरती को और भी बढ़ाती हैं। हिमालय की तलहटी में बसा देहरादून हर साल हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के खुल जाने के बाद तो यहां पर्यटकों की बाढ़ सी आ जाएगी। यह शहर बड़ी अच्छी जगह पर बसा है, जो है तो मैदानी इलाके में लेकिन पहाड़ बिल्कुल सामने दिखते हैं और 10-15 मिनट में आप वहां तक पहुंच भी जाते हैं।

दिल्ली-एनसीआर और मैदानी इलाकों में गर्मियां अपना प्रचंड रूप दिखाने लगी हैं। ऐसे में वीकेंड पर देहरादून की इन 7 जगहों पर जाकर आप कुछ ठंडक का अनुभव ले सकते हैं। चलिए जानते हैं -

रॉबर्स केव

देहरादून में स्थित रॉबर्स केव (Robber’s Cave) एक 600 मीटर लंबी प्राकृतिक गुफा है, जिसके बीच से नदी का ठंडा-ठंडा पानी बहता है। हरियाली से घिरी यह जगह शहर में पिकनिक के लिए बेहद लोकप्रिय है। दून वैली के देहरा पठार में बनी यह संकरी घाटी पर्यटकों को रोमांच और सुकून दोनों का अनुभव कराती है।

Robbers Cave Dehradun

रॉबर्स केव

सहस्त्रधारा में सुकून भरा दिन

सहस्त्रधारा (Sahastradhara) देहरादून का एक बहुत ही खूबसूरत पर्यटन स्थल है, यहां झरनों और हरियाली का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। ‘हजार धाराओं’ के नाम से मशहूर यहां का पानी सल्फर युक्त है, जिसे औषधीय गुणों वाला माना जाता है। परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह एक शानदार जगह है।

Sahastradhara waterfall

सहस्त्रधारा

तिब्बती बाजार में खरीदारी

देहरादून का तिब्बती बाजार (Tibetan market) शॉपिंग के शौकीनों के लिए खास आकर्षण है। यहां हस्तशिल्प, ऊनी कपड़े, आभूषण और सजावटी सामान मिलता है। साथ ही आप यहां मोमोज, नूडल्स और अन्य स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी ले सकते हैं, जो पर्यटकों को खूब पसंद आते हैं।

राजाजी नेशनल पार्क में वाइल्ड लाइफ सफारी

राजाजी नेशनल पार्क प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां बाघ, तेंदुआ, हिमालयी भालू, हिरण और करीब 400 पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं। जंगल सफारी (Rajaji National Park wildlife safari) के जरिए पर्यटक वन्यजीवन को बेहद करीब से देख सकते हैं और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा सकते हैं।

Rajaji National Park wildlife safari

राजाजी नेशनल पार्क

दून वैली में ट्रेकिंग और कैंपिंग का रोमांच

देहरादून की हरी-भरी घाटियां ट्रेकिंग और कैंपिंग के लिए बेहतरीन विकल्प प्रस्तुत करती हैं। यहां लोग नाग टिब्बा, भद्राज हिल और छसखेत जैसी जगहों पर ट्रेकिंग का रोमांच लेने आते हैं। शहर की भागदौड़ से दूर ये जगहें सुकून और एडवेंचर का अनूठा अनुभव कराती हैं।

Nag Tibba

नाग टिब्बा

माइंडरोलिंग मॉनेस्ट्री में आध्यात्मिक अनुभव

माइंडरोलिंग मॉनेस्ट्री (Mindrolling Monastery) भारत के सबसे बड़े बौद्ध मठों में से एक है, जो अपनी भव्य वास्तुकला और विशाल बुद्ध प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। यहां का शांत वातावरण मानसिक शांति देता है। पर्यटक यहां आकर ध्यान और आध्यात्मिक अनुभव के जरिए खुद के अंदर झांक सकते हैं।

तपोवन के मंदिर में दर्शन

Tapkeswar Temple

टपकेश्वर मंदिर

टपकेश्वर मंदिर (Rudreshwar Temple) के नाम से भी प्रसिद्ध तपोवन मंदिर (Tapovan Temple) हिंदुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। मान्यता है कि यहां गुरु द्रोणाचार्य ने तपस्या की थी। ‘तपोवन’ का अर्थ ही तप करने का स्थान है। यह स्थल धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article