शहर

दिल्ली-NCR के घरों में ऐसे पहुंच रहा था नकली RO फिल्टर! नामी कंपनियों के नाम पर चल रहा था मौत का धंधा; पकड़ी गई फर्जी फैक्टरी

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पुल प्रह्लादपुर में चल रही नकली RO फिल्टर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी में ब्रांडेड कंपनियों नाम पर बेचे जा रहे 2,932 नकली फिल्टर और ब्रांडिंग मशीनें बरामद की गई हैं। मुख्य आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

मौके से गिरफ्तार हुआ फैक्टरी मालिक (चित्र साभार: X/@CrimeBranchDP)

Photo : Twitter

Delhi Fake RO Racket: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी के पुल प्रह्लादपुर इलाके में चल रहे एक बड़े जालसाजी के खेल को बेनकाब किया है। पुलिस ने एक अवैध फैक्ट्री और गोदाम पर अचानक छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में नकली RO फिल्टर, पार्ट्स और नामी कंपनियों के नकली रैपर बरामद किए हैं। यह गिरोह नामी ब्रांड्स के नकली फिल्टर बनाकर लोगों के घरों तक बीमारी परोसने का धंधा कर रहा था।

ब्रांड्स के नाम पर धोखाधड़ी

जांच में सामने आया है कि, यह फैक्ट्री पूरी तरह अवैध तरीके से रिहायशी इलाके के पास संचालित हो रही थी। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को मौके से 2,932 तैयार नकली RO फिल्टर बरामद हुए हैं। ये सभी नकली और घटिया क्वालिटी के फिल्टर बाजार में बेहद लोकप्रिय और भरोसेमंद ब्रांड्स जैसे कैंट, एक्वागार्ड और हैवेल्स के नाम पर बेचे जा रहे थे। आम लोग असली और नकली का फर्क न समझ पाने के कारण इन ब्रांड्स के नाम पर धोखा खा रहे थे।

पैकेजिंग सामग्री और ब्रांडिंग मशीनें भी जब्त

पुलिस ने केवल तैयार माल ही नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर नकली सामान तैयार करने वाला कच्चा माल भी जब्त किया है। बरामद किए गए सामानों में नामी कंपनियों की हूबहू दिखने वाली नकली पैकेजिंग सामग्री, फिल्टर कैप्स, नकली होलोग्राम और ब्रांडिंग से जुड़ी आधुनिक मशीनें शामिल हैं। इन मशीनों और रैपर्स की मदद से आरोपी लोकल और घटिया फिल्टर पर ब्रांडेड कंपनियों के स्टिकर और कैप लगाकर उन्हें बिल्कुल 'ओरिजिनल' लुक दे देते थे।

फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार, दिल्ली-NCR में फैला था नेटवर्क

क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसका यह गिरोह दिल्ली और पूरे NCR (नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद) के बाजारों में बड़े पैमाने पर इन नकली RO फिल्टरों और उनके स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई कर रहा था। लोकल दुकानदारों को यह सामान बेहद कम दामों पर दिया जाता था, जो बाद में ग्राहकों को असली की कीमत पर ऊंचे दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे थे।

स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा, पुलिस खंगाल रही है नेटवर्क

वाटर प्यूरीफायर में नकली और घटिया फिल्टर का इस्तेमाल होना लोगों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है, क्योंकि ये पानी को सही तरीके से साफ नहीं करते, जिससे बीमारियां होने का खतरा बना रहता है। दिल्ली पुलिस अब गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article