शहर

Noida: जेवर एयरपोर्ट की सबसे सुंदर तैयारी; सड़कों पर उतरीं भव्य डबल डेकर बसें; देखें अंदर की तस्वीरें, जानें डिटेल्स

Noida Airport: नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए 15 जून से शुरू होने वाली 110 इलेक्ट्रिक और 10 डबल डेकर बसों की ग्राउंड रिपोर्ट। जानिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों को कैसे मिलेगी राहत और क्या होंगे इसके मुख्य रूट्स।

Image

10 डबल डेकर बसें होगी शुरू

Photo : Times Now Digital

Noida Airport News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों को पहले दिन यानी 15 जून से ही कई तरह के सफर के साधन मिलने जा रहे हैं। इंटरसिटी बस, एयरपोर्ट टैक्सी और ऐप बेस्ड कैब सेवाओं के लिए तो एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा के लिए पूरी तैयारी कर ली है लेकिन इनमें फिलहाल जो सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है, वो हैं डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें।

पहले चरण में चलेंगी 110 ई-बसें

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। इनमें 10 आधुनिक डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, जो नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होंगी। आज हमने नोएडा में शुरू हो रहे डबल डेकर बस देखा कि आखिर डबल डेकर बस कितना सुंदर और भव्य है।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लंबे समय से बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी बनी हुई है। यहां रहने वाले लोगों को नोएडा, दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने-जाने के लिए ऑटो और कैब पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे यात्रियों को आर्थिक बोझ के साथ-साथ समय की भी परेशानी उठानी पड़ती है।

कितना होगा किराया

अब एयरपोर्ट कनेक्टिविटी योजना के तहत शुरू होने वाली इलेक्ट्रिक बस सेवा से इस समस्या को काफी हद तक दूर करने की तैयारी है। खास बात यह है कि 10 डबल डेकर बसों में 66 सीटों का इंतजाम किया गया है। इन बसों का किराया भी आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। न्यूनतम किराया 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये रखा जाएगा।

यूपी रोडवेज चलवाएगी बसें

जानकारी के मुताबिक, इन बसों का संचालन नोएडा अथॉरिटी और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के सहयोग से किया जाएगा। बसें नोएडा के एमपी-1, एमपी-2, एमपी-3, जोनल रोड नंबर-6 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे रूट पर चलाई जाएंगी। संचालन की जिम्मेदारी यूपी रोडवेज के पास होगी। नई इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान होगा, साथ ही ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों को भी सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन मिल सकेगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article