Delhi News: दिल्ली विधानसभा के चार दिवसीय शीतकालीन सत्र की शुरुआत सोमवार को भारी हंगामे के साथ हुई। पहले ही दिन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने प्रदूषण के मुद्दे को लेकर विरोध जताया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही बाधित हुई। स्थिति बिगड़ने पर विधानसभा स्पीकर ने चार AAP विधायकों को सदन से बाहर कर दिया, जिसके बाद पूरे विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया।
मास्क पहनकर विरोध जताते आप नेता (स्क्रीनग्रैब: PTI)
एलजी के अभिभाषण के दौरान विरोध
उपराज्यपाल के भाषण के समय AAP विधायकों ने मास्क पहनकर प्रदूषण का मुद्दा उठाया और सरकार पर आंकड़े छिपाने के आरोप लगाए। बार-बार टोकने के बावजूद शोर-शराबा जारी रहने पर स्पीकर ने विधायक संजीव झा, जरनैल सिंह, कुलदीप कुमार और सोमदत्त को बाहर ले जाने के निर्देश दिए। बाद में इन विधायकों को सत्र के शेष तीन दिनों के लिए निलंबित भी कर दिया गया। सदन से बाहर निकलने के बाद आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका विरोध जनता के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए है, न कि सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए।
आतिशी का सरकार पर हमला
विधानसभा के बाहर मीडिया से बात करते हुए नेता विपक्ष और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि विधायकों को इसलिए बाहर निकाला गया क्योंकि वे मास्क पहनकर प्रदूषण की भयावह स्थिति को उजागर कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में वायु प्रदूषण गंभीर स्तर पर है, लेकिन सरकार गलत आंकड़े पेश कर रही है और GRAP जैसे उपायों को ठीक से लागू नहीं कर रही।
सत्र से पहले भी हुआ प्रदर्शन
शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले भी AAP ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया था। पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले प्रदूषण मुक्त दिल्ली का वादा किया था, लेकिन हालात और बिगड़ गए हैं। AAP ने इस सत्र में प्रदूषण को प्रमुख मुद्दा बनाने का ऐलान किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
