Delhi AQI: दिवाली के बाद से जहरीली हवा की मार झेल रहे दिल्ली के लोगों के लिए थोड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, आज बुधवार, 11 नवंबर को सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 299 दर्ज किया गया। यह आंकड़ा 'बहुत खराब' (Very Poor) श्रेणी की सीमा से महज एक अंक नीचे खिसककर 'खराब' (Poor) श्रेणी में पहुंच गया है। गौरतलब है कि इसके पिछले दिन यानी मंगलवार को राजधानी का AQI 344 दर्ज किया गया था, जिसकी तुलना में आज हवा की स्थिति में कुछ सुधार देखा गया है। हालांकि यह राहत बहुत अधिक नहीं है, कई इलाकों में AQI का स्तर अब भी बहुत खराब श्रेणी में बना हुआ है।
दिल्ली की हवा में नाममात्र सुधार
प्रमुख इलाकों में AQI का ताजा हाल
CPCB के अनुसार, दिल्ली के विभिन्न निगरानी केंद्रों पर दर्ज किए गए आंकड़े इस प्रकार हैं:
- आनंद विहार: 304
- बवाना: 304
- बुराड़ी: 315
- बुराड़ी क्रॉसिंग: 362
- आया नगर: 337
- बदरपुर: 312
- चांदनी चौक: 379
- छावला: 396
- डीटीयू (DTU): 375
- दिलशाद गार्डन: 324
- IIT दिल्ली: 375
- आईटीओ (ITO): 367
- जेएनयू (JNU): 339
- एनएसआईटी द्वारका: 350
- सिरीफोर्ट: 321
- पंजाबी बाग: 341
सबसे साफ रहा 'केंटोनमेंट एरिया'
जहां एक ओर शहर के अधिकांश हिस्से प्रदूषण की चपेट में हैं, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली के सबसे साफ-सुथरे इलाके के रूप में केंटोनमेंट एरिया (Cantonment Area) उभरा है, जहां AQI सबसे कम 117 दर्ज किया गया है। राजधानी का कोई भी अन्य इलाका इस साफ-सुथरे स्तर के आसपास भी नहीं पहुंच पाया है।
क्या कहते हैं CPCB के मानक?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। AQI 0 से 50 के बीच होने पर हवा को "अच्छा" माना जाता है, जबकि 51 से 100 के बीच यह "संतोषजनक" श्रेणी में आती है। 101 से 200 तक AQI होने पर वायु गुणवत्ता "मध्यम" मानी जाती है। वहीं 201 से 300 के बीच AQI "खराब", 301 से 400 के बीच "बेहद खराब" और 401 से 500 के बीच पहुंचने पर वायु गुणवत्ता "गंभीर" श्रेणी में दर्ज की जाती है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक मानी जाती है।
