Delhi AQI Today: दिल्ली-NCR में प्रदूषण से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। रविवार की तुलना में आज फिर से एक्यूआई के आंकड़ों में थोड़ी बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। CPCB के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8 बजे राजधानी का औसत AQI 249 दर्ज किया गया। वहीं बीते दिन यह सुबह 7 बजे 236 दर्ज हुआ था, जबकि शनिवार को यह आंकड़ा 265 पर पहुंच गया था। आज दिल्ली में सबसे प्रदूषित इलाका पंजाबी बाग देखने को मिल रहा है, यहां सुबह के समय 282 AQI रहा। इसके अलावा बवाना और चांदनी चौक में भी हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण के चलते आज सुबह भी दिल्ली के कई इलाके धुंध की चादर से ढके नजर आए, यहां तक की इंडिया गेट भी धुंध की गिरफ्त में दिखा। स्मॉग के कारण विजिबिलिटी काफी प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक धुंध और कोहरे का अनुमान जताया है।
दिल्ली में आज सुबह इंडिया गेट धुंध की गिरफ्त में दिखा
दिल्ली के किन इलाकों में सबसे खराब हवा
CPCB के आंकड़ों के अनुसार, बवाना में आज सुबह करीब 8 बजे AQI 273 और चांदनी चौक में 271 दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहिणी और आरके पुरम में 252, अलीपुर में 246, अशोक विहार में 240, नरेला में 239 और आनंद विहार में 237 AQI रहा। वहीं, ओखला फेज-2 में 213, सोनिया विहार में 215, पटपड़गंज में 208, मंदिर मार्ग में 225 और आईजीआई एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 217 AQI दर्ज किया गया। वसंत कुंज एन्क्लेव में AQI 170 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है।
25 और 26 नवंबर को भी कोहरे की संभावना
IMD के अनुसार, दिल्ली-NCR में अगले पांच दिनों तक आसमान साफ रहने का अनुमान है। सोमवार और मंगलवार को सुबह के समय कई जगह धुंध और हल्का कोहरा छा सकता है। मौसम विभाग ने 25 और 26 नवंबर को भी राजधानी के कई हिस्सों में धुंध और हल्का कोहरा रहने की संभावना जताई है। यह स्थिति सुबह के समय दृश्यता को प्रभावित कर सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।
प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर CAQM की रिपोर्ट
इस बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और पड़ोसी राज्यों में प्रदूषण रोकने के उपायों को लागू करने की प्रगति का आकलन शुरू किया है। इसकी 2026 की रिपोर्ट में अक्टूबर तक की स्थिति शामिल की गई है। अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी होगी। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 ग्रीन शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी नहीं बनाया गया।
औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण में भी कई राज्यों का प्रदर्शन कमजोर रहा। चारों राज्यों में कुल 11,607 निरीक्षण का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन अक्टूबर तक केवल 2,584 निरीक्षण हुए। दिल्ली ने 979 के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण किए। वहीं, हरियाणा में 3,865 के लक्ष्य के मुकाबले 177, राजस्थान में 2,974 के मुकाबले 68 और उत्तर प्रदेश में 3,789 के मुकाबले 730 निरीक्षण हुए।
CAQM के अनुसार, 100% लक्ष्य पूरा करने को संतोषजनक, 75 से 100 प्रतिशत से कम प्रगति को सुधार की जरूरत और 75% से कम उपलब्धि को असंतोषजनक श्रेणी में रखा गया है। जनवरी 2027 में जारी होने वाली अंतिम रिपोर्ट में साल के बाकी महीनों की प्रगति भी शामिल होगी।
