Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के चिड़ियाघर में पर्यटकों को अब सफेद बाघ देखने का भी मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज यानी गुरुवार 19 नवंबर को चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' के लिए बनाए गए नए बाड़े का उद्घाटन किया और नए मेहमान का स्वागत किया। करीब ढाई साल के तेजस को मध्य प्रदेश में ग्वालियर से देहरादून लाया गया है। सफेद शरीर, काली धारियां और नीली आंखें इसे दूसरे बाघों से अलग पहचान देती हैं।
देहरादून जू मेंं आया नया मेहमान, सीएम धामी ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए भी चिड़ियाघर में फ्री एंट्री की घोषणा की। अभी तक बच्चों के लिए मुफ्त एंट्री की व्यवस्था थी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को वन्यजीवों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
देहरादून जू का नया आकर्षण
करीब ढाई साल का सफेद बाघ तेजस अब देहरादून चिड़ियाघर का नया आकर्षण होगा। मुख्यमंत्री ने इसके लिए तैयार किए गए विशेष बाड़े का उद्घाटन किया। सफेद बाघ अपनी अलग शारीरिक बनावट और आकर्षक नीली आंखों के कारण पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहते हैं। तेजस के आने से चिड़ियाघर में वन्यजीवों की विविधता भी बढ़ेगी।
हर साल पहुंचते हैं साढ़े आठ लाख पर्यटक
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब साढ़े आठ लाख पर्यटक पहुंचते हैं। इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा।
कॉलेज छात्रों को निशुल्क प्रवेश देने के फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे युवाओं को प्रकृति और वन्यजीवों को और करीब से समझने का मौका मिलेगा।
इकोलॉजी और इकोनॉमी में संतुलन जरूरी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। ऐसे में विकास के साथ इकोलॉजी और इकोनॉमी के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी है। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने भी कहा कि इस पहल से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
