Angel Chakma Murder Update: देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले ने देशभर में संवेदना और आक्रोश पैदा कर दिया है। इस बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एंजेल के पिता तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बात कर घटना पर गहरा दुख जताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मृत छात्र के पिता से बात करते CM धामी
एंजेल के पिता से सीएम धामी ने की बातचीत
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के लिए इससे बड़ा दर्द कुछ नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस मामले में दोषियों को किसी भी हाल में बख्शेगी नहीं और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। CM धामी ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक आरोपी नेपाल का निवासी है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किया गया है और उसे पकड़ने के लिए विशेष टीम नेपाल भेजी गई है।
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी हुई बात
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा से भी बातचीत की है। साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी इस घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है।
पुलिस जांच में क्या आया सामने
देहरादून के सिटी एसपी प्रमोद कुमार के अनुसार, एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल चकमा प्रेमनगर थाना क्षेत्र में रह रहे थे। 9 दिसंबर की शाम दोनों किसी काम से सेलाकुई गए थे, जहां स्थानीय युवकों और एक अन्य युवक से विवाद हो गया। विवाद के दौरान चाकू और अन्य हथियारों से हमला किया गया, जिसमें एंजेल गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखंड पुलिस अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें से दो आरोपी नाबालिग हैं, जिन्हें बाल सुधार गृह भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
घटना के खिलाफ प्रदर्शन और कैंडल मार्च
इस मामले को लेकर त्रिपुरा में भी आक्रोश देखने को मिला। टिपरा इंडिजिनस स्टूडेंट्स फेडरेशन (TISF) के सदस्यों ने अगरतला के अस्ताबल मैदान में कैंडल मार्च निकालकर एंजेल चकमा के लिए न्याय की मांग की।
