Mumbai News: महाराष्ट्र की राजधानी में मुंबई में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। एयर पॉल्यूशन को नियंत्रित करने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं, इनके तहत महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड MPCB ने और 4 रेडी मिक्स कंक्रीट (RMC) को बंद कर दिया है। यह फैसला एमपीसीबी द्वारा नियमों के लगातार उल्लंघन को देखते हुए किया जा रहा है। बता दें कि अभी तक कुल मिलाकर 37 इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। साथ ही इन पर 1.87 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।
RMC को नियमों का उल्लंघन पड़ा महंगा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, MPCB के सदस्य सचिव एम देवेंद्र सिंह ने रविवार को एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि आरएमसी संयंत्र के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा के लिए बोर्ड के अध्यक्ष सिद्धेश कदम की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने कहा कि "विशेष उड़न दस्ते यह जांचने के लिए तत्काल निरीक्षण शुरू करेंगे कि प्रदूषण कम करने के लिए निर्धारित शर्तों का पालन किया जा रहा है या नहीं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संयंत्र बंद करना भी शामिल है।"
सिंह के अनुसार, मुंबई शहर के लिए चार और नवी मुंबई के लिए दो विशेष निरीक्षण दलों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले, बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) ने भी वायु प्रदूषण मानकों के उल्लंघन के कारण बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में बुलेट ट्रेन से संबंधित काम को अस्थायी तौर पर बंद करवा दिया था।
RMC संयंत्रों पर 1.87 करोड़ का लगा जुर्माना
एमपीसीबी के अनुसार, अब तक 37 आरएमसी संयंत्रों से 1.87 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया है और चार इकाइयों को परिचालन बंद करने का आदेश दिया गया है। सिद्धेश कदम ने कहा कि बोर्ड महानगर पालिका के समन्वय से शहर की वायु गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रवर्तन अभियान संचालित कर रहा है।
(इनपुट - भाषा)
