आंध्र प्रदेश और ओडिशा में पिछले दो-तीन दिनों से जारी भारी बारिश के चलते कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बना डीप डिप्रेशन 23 सितंबर की रात से 24 सितंबर की तड़के के बीच श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम के पास तट पार कर चुका है। भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, सिस्टम उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा था।
आंध्र प्रदेश के तट से टकराया बंगाल की खाड़ी से आया डीप डिप्रेशन
डीप डिप्रेशन के तट पार करने के दौरान वहां तेज हवाओं और भारी बारिश का असर देखने को मिला। IMD ने उत्तर आंध्र प्रदेश में आज यानी गुरुवार 24 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
विजयवाड़ा में लगातार बारिश
आंध्र प्रदेश में एनटीआर जिले के विजयवाड़ा में आज सुबह से ही बारिश जारी है। लगातार बारिश के चलते यहां के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन भी छुट्टी रखी गई है। राज्य के कई अन्य जिलों में भी भारी बारिश को देखते हुए स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद किए गए हैं।
तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडेम जिले के बुर्गमपाडु में तेज तूफान से पेड़ उखड़ गए, छतों की चादरें उड़ गईं और सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, गनीमत रही कि तूफान की चपेट में आए लोग मामूली चोटों के साथ बच गए। IMD ने आज और कल भारी बारिश की चेतावनी दी है।
ओडिशा में 5000 को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
डीप डिप्रेशन का सबसे ज्यादा असर दक्षिण ओडिशा के जिलों में दिखाई दे रहा है। भारी बारिश और जलभराव की आशंका को देखते हुए लगभग 5000 लोगों को संवेदनशील इलाकों से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। कई जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
मलकानगिरी और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश के चलते सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक कई पुलों के ऊपर पानी बह रहा है। कुछ स्थानों पर तीन से चार फीट तक पानी आने की वजह से वाहनों की आवाजाही रोकनी पड़ी है। NH326 पर भी यातायात प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।
मलकानगिरी, कालीमेला, मोटू और पोडिया के बीच कनेक्टिविटी प्रभावित होने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। IMD ने मलकानगिरी में आज बहुत भारी बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और थंडरस्क्वॉल की चेतावनी दी है।
सात जिलों में स्कूल बंद
ओडिशा में भारी बारिश के चलते कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए हैं। 11 जिलों के कलेक्टरों को हालात पर लगातार नजर रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
बंगाल में भी भारी बारिश का अलर्ट
इस सिस्टम का असर पश्चिम बंगाल तक देखने को मिल रहा है। दक्षिण 24 परगना सहित कुछ इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जैसे पहाड़ी जिलों में भूस्खलन (Landslide) की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब से बहुत ज्यादा खराब रहने का अनुमान जताया गया है।
